हरियाणा मौसम : हरियाणा में मानसून से पहले तपिश बढ़ने के आसार, मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को लु का येलो अलर्ट जारी किया
haryana में मानसून से पहले तपिश बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को लू का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से यानी राजस्थान से लगते जिलों में लू ज्यादा असर दिखा सकती है।
इस दौरान पारा उफान पर रहेगा। ऐसे में मानसून से पहले भीषण गर्मी का प्रकोप रह सकता है। शुक्रवार को भी दिन का तापमान 4.2 डिग्री तक बढ़ गया। रोहतक में यह सबसे अधिक 41.5 और सिरसा में 40.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रात का तापमान 1.9 डिग्री बढ़ा है। जींद में यह सबसे कम 22.5 डिग्री और रोहतक में सबसे अधिक 27.2 डिग्री रहा। भारतीय मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के अनुसार, हवाओं का रुख जल्द बदल सकता है।
तापमान और बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। 8 जून को भी इसमें वृद्धि होगी।
वहीं, 9 और 10 जून को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट किया है। इन दोनों दिनों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। हीट वेव रहेगी। इसके चलते दिन तपेगा। इसके बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
पिछले 10 साल में 6 जून का रिकार्ड देखें तो इस साल इस तारीख को दूसरी बार सबसे कम अधिकतम तापमान रहा है।
वर्ष 2016 से 2025 के बीच 6 जून को सबसे कम अधिकतम तापमान वर्ष 2020 में रहा था। 6 जून 2020 को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस था, जबकि इस साल इस तारीख को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा।