{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Neemuch weather update: नीमच जिले में तूफान ने मचाई तबाही, गिरे पेड़, टूटे खंबे, बिजली व्यवस्था हुई ठप्प

नीमच जिले में तूफान ने मचाई तबाही, गिरे पेड़, टूटे खंबे, बिजली व्यवस्था हुई ठप्प
 

Neemuch Neews: नीमच जिले में कल गुरुवार को मौसम ने भारी तबाही मचाई। मौसम ने अपनी चाल बदल ली है। शहर सहित जिले में गुरुवार को बादल छाए रहे। दोपहर में आंधी के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे पालसोड़ा से मेलकी मेवाड़ मार्ग पर 6 बिजली के पोल टूट गए।

इससे 5 गांव में देर रात तक बिजली बंद रही। वहीं 33 केवीए फीडर में फाल्ट के चलते पालसोड़ा, चीताखेड़ा, हर्कियाखाल के ग्रिड बंद रहा। इससे 12 से अधिक गांव में घंटों लाइट बंद रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी जिले में आंधी-तूफान के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

जिले में गुरुवार को भी मौसम खराब रहा। शहर में सुबह से शाम तक हल्के बादल छाए रहे। इससे गर्मी का असर कम रहा। जिले में अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 था जो गुरुवार को 39.3 डिग्री ही रहा। 

हालांकि न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की तेजी देखने को मिली। बुधवार को न्यूनतम तापमान 23.1 था जो गुरुवार को 27.1 दर्ज हुआ।

वहीं बुधवार रात से ही जिले में आंधी-तूफान का दौर जारी रहा। इसके चलते शहर में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फेल हो गया। इसे बदलने के लिए शहर के बड़े हिस्से में सुबह डेढ़ घंटा लाइट बंद रही। वहीं 33 केवीए लाइन में फाल्ट के चलते गुरुवार को पालसोड़ा, हर्कियाखाल, चीताखेड़ा ग्रिड बंद थे। सुधार कार्य के चलते तीन ग्रिड के 12 से अधिक गांवों में दोपहर से शाम 7 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रही।

दोपहर से शाम तक पोल व लाइन सुधार कार्य चला

गुरुवार दोपहर 1 बजे आंधी के चलते पालसोड़ा से मेलकी मेवाड़ रोड पर 3 पेड़ व 6 बिजली पोल टूटकर गिर गए। अच्छी बात यह रही कि इस दौरान रोड पर अधिक यातायात नहीं होने से जनहानि नहीं हुई। पोल टूटने से 11 केवीए घरेलू लाइन पर सप्लाई बंद हो गई। इसके चलते मेलकी मेवाड़, टाटियाखेड़ी, ठिकरिया सहित आसपास के गांव में बिजली सप्लाई बंद हो गई। दोपहर से शाम तक पोल व लाइन सुधार का कार्य चलता रहा। इसके बाद भी देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।