Haryana weather update: हरियाणा के 16 जिलों में बारिश, आंधी, तूफान, पेड टूटे, 3 जिलों में ओले गिरे
हिसार, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, पानीपत, भिवानी, अंबाला झज्जर, जींद महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह और फरीदाबाद में बारिश हो रही है। तेज तूफान चल रहा है। झज्जर में आंधी से पेड़ टूटे हैं। पलवल में बिजली गुल हो गई है।
सिरसा के रानियां में बारिश से सड़कों पर आधा फीट तक पानी भर गया है। वहीं चरखी दादरी और सोनीपत में बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व पानीपत में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम में बदलाव देर रात को हुआ था। करनाल, पानीपत और कैथल में बारिश के साथ ओले गिरे थे। इसके साथ आंधी भी चली थी।
3 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद व सिरसा में 25-50 प्रतिशत बारिश की संभावना है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, हिसार, रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ में 25 प्रतिशत तक बारिश का अनुमान है। अन्य जिलों में मौसम ड्राई रहेगा।
4 मई को पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में 25-50 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व झज्जर में 25 प्रतिशत बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम खुश्क रहने का अनुमान है।
हरियाणा का अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री बढ़ा
हरियाणा के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के नजदीक ही चल रहा है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सिरसा व पानीपत में 0.8 डिग्री की दर्ज की गई।