{"vars":{"id": "115716:4925"}}

MP Weather Update: मप्र के इस शहर में बारिश से कॉलोनियों में हुआ जलभराव... इधर क्वारी फिर उफनी, खतरे के निशान से 1.14 मीटर नीचे

 

Rain Update MP: मध्यप्रदेश राज्य के मुरैना शहर में बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है। करीब दस से पंद्रह दिनों से लगातार मौसम शुष्क बना हुआ था। उमस और तेज धूप से आमजन परेशान थे। ऐसे में अचानक हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इधर, कॉलोनियों में जल निकासी न होने की वजह से कई जगहों पर जल भराव हो गया। वहीं, क्वारी नदी एक बार फिर से उफान पर आ गई है। जल स्तर बढ़ने के कारण रविवार को यह खतरे के निशान से मात्र 1.14 मीटर नीचे ही बह रही थी। ऐसे में क्वारी नदी आसपास के गांवों में अलर्ट कर दिया गया है।

मालूम हो, जिले में एक माह पहले नदियों का जल स्तर बढ़ने के कारण 50 से अधिक गांवों में बाढ़ आ गई थी। सिंध, क्वारी और चंबल तीनों ही नदियां उफान पर चल रही थीं। इससे कई गांवों में नुकसान हुआ। ऐसे में अब फिर से ऊपरी जिलों में पानी बरसने की वजह से नदियों पर असर दिखने लगा है। हालांकि अभी सिंध और चंबल नदी खतरे से काफी नीचे हैं, मगर दो दिन से क्वारी नदी का जल स्तर बढ़ गया है। क्वारी नदी का खतरे का निशान 125.96 मीटर है, जबकि सुबह 8 बजे नदी 125.03 मीटर पर बह रही थी।

अगले 24 घंटे भारी बारिश का अंदेशा... हफ्ते भर बारिश जारी रहती है तो खरीफ की फसलों को होगा फायदा

शाम होते-होते क्वारी नदी में पानी कुछ कम हो गया। शाम को चार बजे जल स्तर 124.82 मीटर रिकॉर्ड किया गया है। इधर, बारिश की वजह से रविवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और

न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बनी ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि आने वाले हफ्ते भर बारिश का यही दौर जारी रहता है, तो खरीफ की फसलों के लिए यह बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।

इन इलाकों में जल भराव

बारिश की वजह से शहर के गोविंद नगर, कुशवाह कॉलोनी, पुरानी गल्ला मंडी, अटेर रोड, बालाजी नगर, भीम नगर, आर्य नगर, वीरेंद्र नगर, सैनिक कॉलोनी, गांधी नगर, बरूआ नगर, गणेश कॉलोनी, शिवाजी नगर, शास्त्री नगर ए ब्लॉक, शास्त्री नगर बी ब्लॉक, यादव नगर, ग्वालियर रोड, सीता नगर, लहार रोड, इटावा रोड समेत कई कॉलोनियों और निचले इलाकों में जलभराव से परेशानी भी खड़ी हो गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को सामान इधर-उधर हटाना पड़ा। नगर पालिका की नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठे।