{"vars":{"id": "115716:4925"}}

उज्जैन / महाकाल मंदिर में आंखों के चश्में में हिडन कैमरा लेकर पहुंचा युवक

 पकड़ाने पर दिया लिखित माफीनामा 
 
 

उज्जैन,31 मई (इ खबर टुडे)। श्री महाकाल मंदिर के गणेश मंडपम में सगाई करने का मामला अभी चल ही रहा है। ऐसे में शनिवार शाम को चश्में में हिडन कैमरा के साथ अवैध रूप से विडियो बनाने की स्थिति सामने आई है। मंदिर के सभा मंडपम में एक युवक को चश्में में हिडन कैमरा के साथ पकडा गया। युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ इंदौर से दर्शन करने आया था। युवक ने मंदिर प्रबंध समिति को लिखित में माफी नामा दिया है। युवक की आंखों के नंबर के चश्में में हिडन कैमरा लगा था जिसे सुरक्षा कर्मियों ने पकडा।

शनिवार अपरांह् श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रोटोकाल से दर्शन करने इंदौर से तीन युवक साथ आए थे। वीआईपी प्रोटोकाल के तहत इन्होंने प्रवेश लिया था। प्रवेश के उपरांत तीनों सभा मंडपम में थे और नंदी गृह से दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे। दो दिन पूर्व गणेश मंडपम में एक कपल के सगाई करने एवं उसके विडियो सोश्यल मिडिया पर वायरल होने के बाद प्रबंध समिति के एक्शन से सतर्क कर्मचारियों ने इस दौरान युवक के चश्में में हिडन कैमरा को पकड लिया । चश्मा युवकों से लेने के बाद निजी एजेंसी के सुरक्षा कर्मी एवं मंदिर समिति के कर्मचारी युवकों को सीधे मंदिर प्रबंध समिति के कार्यालय में ले गए । जहां पर उन्होंने जानकारी लेने पर चश्में के हकदार युवक ने अपना नाम उत्कर्ष आर्य  निवासी इंदोर बताया एवं अन्य दोनों युवकों को अपना दोस्त बताया। युवक ने बताया कि उसने अपने चश्में के हिडन कैमरा से किसी प्रकार की विडियोग्राफी नहीं की है और यह उसकी आंखों के नंबर का चश्मा है जिसमें हिडन कैमरा लगा हुआ है। 

युवक ने मंदिर समिति के नाम एक माफीनामा  लिखकर भी दिया जिसमें उसने कहा कि अगर मंदिर से संबंधित किसी प्रकार की विडियो उसके द्वारा सोश्यल मिडिया पर अपलोड की जाती है तो होने वाली वैधानिक कार्रवाई के लिए वह व्यक्तिगत स्तर पर जिम्मेदार रहेगा। लिखित माफीनामा लेने के बाद मंदिर प्रबंध समिति के सुरक्षा विभाग ने युवक को उसकी आंखों का चश्मा दे दिया । 


मंदिर प्रबंध समिति के जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाडिया के अनुसार मंदिर में सुरक्षा जांच को सख्त किए जाने और सतर्कता के चलते युवक से हिडन कैमरा पकडा गया था। माफीनामा के बाद युवक को छोड दिया गया और उसका चश्मा दे दिया गया। मंदिर के गणेश मंडपम में कपल के सगाई के मामले के बाद हुए एक्शन से अतिरिक्त सुरक्षा एवं सतर्कता बरती जा रही है।