{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 हार्न बजाने के विवाद में ट्रेक्टर शो रूम संचालक युवक की हत्या

 सात नामजद आरोपियों में से चार गिरफ्तार 
 

 

उज्जैन,28 अगस्त (इ खबर टुडे)। बुधवार देर रात चिमनगंज मंडी थाना में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद गुरुवार देर रात को शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र में हत्या हुई है। रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाने की बात को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने तीन दोस्तों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें ऋषिनगर एक्सटेंशन निवासी ट्रैक्टर शोरूम संचालक यश पिता विजय नारायण मित्तल 27 वर्ष की मौत हो गई ओर उसके दो दोस्त घायल हुए हैं। मृतक का शव घटनास्थल से  100-150 मीटर दूर शुक्रवार तडके मिला।  

माधवनगर थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया के अनुसार शुक्रवार तडके युवक की खून से सनी लाश दमदमा स्थित जिला पंचायत कार्यालय के पास से पुलिस ने बरामद की है। मूलत: तराना निवासी मृतक यश मित्तल अपने चार-पांच दोस्तों के साथ गुरुवार देर रात में कार से सेठी नगर निवासी दोस्त को छोड़ने जा रहा था। ढाई बजे दमदमा मोड़ के पास रास्ते में कुछ युवक खड़े थे। यश और उसके दोस्तों ने रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।


विवाद बढ़ने पर रास्ते में मौजूद 7-8 युवकों ने यश और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए यश और उसके दोस्त अलग-अलग दिशाओं में भागे। इसी दौरान हमलावरों ने यश का पीछा किया और उस पर चाकू से हमला किया।


हमले के दौरान यश अपने दोस्तों से बिछड़ गया। चाकू लगने के बाद वह जान बचाने के लिए दौड़ता हुआ आगे गया, लेकिन 100 से 150 मीटर दूर जिला पंचायत कार्यालय के आगे गिर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना में यश के दोस्त अभय व्यास और मंगल भी चाकू लगने से घायल हुए हैं। दोनों को जिला अस्पताल में उपचार दिया गया है। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही माधव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और यश की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद उसका शव जिला पंचायत कार्यालय के आगे मिला। पुलिस ने शव बरामद कर जिला अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा गया है।

पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए देर रात में ही दबिश देना शुरू कर दिया था। प्रारंभिक जांच में आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर, शेंटू के नाम सामने आए हैं। थाना प्रभारी श्री पचौरिया के अनुसार पुलिस ने हत्या के मामले में 7 नामजद आरोपी बनाए हैं।इनमें से 4आरोपी विशाल,विजय, करण, सागर को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। सभी आरोपी दमदमा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पूछताछ में हत्या की वजह तात्कालिक हार्न बजाने से उत्पन्न विवाद होने की पुष्टि हुई है।