{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 बडनगर: बोरवेल में गिरा ढाई साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कलेक्टर, एसपी घटना स्थल पहुंचे

 
 

उज्जैन,09अप्रैल(इ खबर टुडे)। उज्जैन जिले की बडनगर तहसील अंतर्गत झलारिया गांव के खेत में गुरूवार शाम को भेड चराने वाले प्रवीण देवासी का ढाई वर्ष का पुत्र भागीरथ खेलते समय खेत में बोरवेल में जा गिरा। देवासी का परिवार तीन दिन पूर्व ही यहां आया था। हादसे की जानकारी लगने पर थाना पुलिस पहुंची एवं रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया है। बच्चे को नली के सहारे आक्सीजन पहुंचाई जा रही है। स्थल पर एसडीआरएफ की टीम एवं संसाधन पहुंचा दिए गए हैं।

हादसा बडनगर तहसील मुख्यालय से 10किलोमीटर  उज्जैन की और हुआ है। उज्जैन रोड मुख्य मार्ग पर उप जेल से करीब तीन किलोमीटर अंदर झलारिया गांव है। तीन दिन पूर्व यहां राजस्थान के पाली जिला अंतर्गत गुडानला से भेड चराने प्रवीण देवासी परिवार के साथ आया था। गुरूवार शाम को परिवार अपने काम में लगा था और झलारिया से पलदूना गांव के रास्ते पर अय्यूब खान के खेत में खेल रहा था। पास ही कुछ दूरी पर उसका पिता एवं परिवारजन भेडों की देख रेख कर रहे थे। इसी दौरान बच्चा खेत में मौजूद बोरवेल में जा गिरा। 

एसडीओपी महेन्द्रसिंह परमार के अनुसार घटना की सूचना शाम 7 से 7.30 बजे के बीच मिलने पर तत्काल पुलिस दल स्थल पर पहुंचा एवं एसडीआरएफ टीम और संसाधन मंगवाए गए। बच्चा बोरवेल में करीब 60 फीट की गहराई पर फस गया है उसके आगे बोरवेल सकरा है एवं नीचे की गहराई में पानी की स्थिति है। बच्चे को बोरवेल में आक्सीजन के लिए नली डाल दी गई है। उसकी हलचल देखी जा रही है। 

सूचना मिलने पर कलेक्टर रोशनकुमार सिंह एवं एसपी प्रदीप शर्मा घटनास्थल पहुंचे हैं। बकौल कलेक्टर रोशनकुमार सिंह स्थल पर एसडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है और उन्होंने अपना रेस्क्यू शुरू कर दिया है। स्थल पर आक्सीजन के साथ जेसीबी एवं पोकलेन मशीन भी मौजूद है।