{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों से राज्यपाल बोले माता-पिता एवं गुरू के प्रति सदैव आभारी रहना

 74 विद्यार्थियों को उपाधि, 107 को गोल्‍ड मेडल और 1 शोधार्थी को डी-लिट् की उपाधि
 
 

उज्जैन,18 मार्च (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का 30 वां दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि आपके माता-पिता ने आपको शिक्षित करने के लिए बहुत कष्‍ट उठाए है इसलिए पढ़ लिखकर अपने माता-पिता की सेवा करें। आप जीवन में कुछ भी बन जाओं परंतु अपने माता-पिता और गुरु के प्रति सदैव आभारी रहना उनकी सेवा करना। शिक्षित होने का उद्देश्‍य मात्र उपाधि अथवा प्रमाण पत्र पाना नहीं बल्कि समाज और देश की उन्‍नति में योगदान देकर एक जिम्‍मेदार नागरिक भी बनना है। इसलिए हम सभी इस बात का हमेश स्‍मरण रखें।

विश्व विद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागृह में आयोजित दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव थे। दीक्षांत समारोह में 74 विद्यार्थियों को उपाधि, 107 को गोल्‍ड मेडल और 1 शोधार्थी को डी-लिट् की उपाधि प्रदान की गई।

केवल उपाधि वितरण नहीं, 7 दशकों का समर्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण नहीं बल्कि 7 दशकों के उस समर्पण का परिणाम है, जिसने दुनिया को कुशल मानव संसाधन और श्रेष्ठ स्कॉलर सौंपे। विश्वविद्यालय से सम्राट विक्रमादित्य का नाम जुड़ने से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ा है और यहां के विद्यार्थियों के गर्व में वृद्धि हुई है। इस दौरान विश्वविद्यालय को विभिन्न यंत्रों के लिए 51 लाख रुपए, कृषि अध्‍ययन शाला के लिए पांच ड्रोन तथा विश्‍वविद्यालय के विद्यार्थियों के शै‍क्षणिक भ्रमण के लिए एक बस प्रदान करने की घोषणा की।

ऐसा रहा आयोजन
अतिथियों के आगमन के पश्चात सर्वप्रथम विश्वविद्यालय के प्रशासनिक परिसर स्थित सम्राट विक्रमादित्य के मूर्तिशिल्प पर पुष्पांजलि अर्पित की। एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। समारोह के प्रारंभ में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान हुआ। अतिथियों के द्वारा मां वाग्देवी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज और कुल सचिव डा.अनिल शर्मा ने राज्यपाल श्री पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत पुष्पगुच्छ, पारिजात का पौधा, शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इसके पश्चात कॉमर्स विषय की छात्रा श्वेता तलेसरा को विश्वविद्यालय द्वारा डी-लिट् की उपाधि से अलंकृत किया गया। साथ ही विश्‍वविद्यालय के 74 विद्यार्थियों को उपाधि और 107 विद्यार्थियों को गोल्‍ड मेडल प्रदान किया गया।

अध्ययनशाला भवन का लोकार्पण
अतिथियों द्वारा 17 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित नवीन कृषि अध्ययनशाला भवन का लोकार्पण एवं एमईआरयू (MERU) परियोजना के तहत नव श्रृंगारित भर्तृहरि छात्रावास का लोकार्पण किया। इस दौरान अतिथियों ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सम्पादित चार पुस्तकों का विमोचन भी किया । उपाधि प्रदान करने के पश्‍चात विश्‍वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भारद्वाज ने सभी उपाधि प्राप्तकर्ता विद्यार्थियों को उपदेश दिया और सभी को शपथ दिलवाई गई।