{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 उज्जैन में रविवार को लगेंगे स्कूल, सोमवार को होगा अवकाश

 

 

उज्जैन,30 जुलाई (इ खबर टुडे)। श्रावण मास के पहले दिन गुरूवार को तडके भगवान श्री महाकालेश्वर एक घंटा पूर्व जगाए गए। इसके बाद 3-5 बजे तक भगवान की भस्मार्ती की गई। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा है कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इधर जिला शिक्षा विभाग ने इस वर्ष भी विद्यार्थियों के आवागमन को देखते हुए श्रावण –भादौ मास में नगरीय क्षेत्र के स्कूलों में रविवार को कार्य दिवस एवं सोमवार को अवकाश घोषित किया है।

गुरूवार को भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूर्व घोषित क्रम अनुसार भगवान का जल्द जागरण हुआ और इसके साथ ही भस्मार्ती का क्रम शुरू हुआ। इस दौरान आरती में बडी संख्या में नंदी हाल,गणेश मंडपम,कार्तिकेय मंडपम में श्रद्धालुओं ने बैठकर आरती में दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति ने चलायमान भस्मार्ती के लिए भी श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जिससे हजारों श्रद्धालुओं ने चलायमान होकर भगवान का दर्शन लाभ लिया है।

सुबह से रास्तों पर जाम के हालात

श्रावण मास के पहले दिन ही मंदिर के पहुंच मार्ग एवं मंदिर क्षेत्र में श्रद्घालुओं की खासी संख्या रही । इसके चलते मंदिर पहुंच मार्ग एवं मंदिर क्षेत्र के मार्गों पर जाम लगने की स्थिति रही। यह जाम सुबह से लेकर देर शाम तक लगते खुलते रहे। एकांगी मार्ग का पालन भी फोरी तौर पर देखा गया।

श्रद्धालुओं के लिए सुलभ व्यवस्थाएं हों-मुख्यमंत्री

श्रावण मास के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाबा महाकाल, ओंकारेश्वर महादेव सहित प्रदेश के सभी देव स्थानों पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं कावड़ यात्रा निकालने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सहज दर्शन का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन हेतु बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन आगमन को दृष्टिगत रखते हुए सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था का उपयोग करें। आपके सहयोग से सभी श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्ण दर्शन का अवसर प्राप्त होगा।

 रविवार को लगेंगे स्कूल,सोमवार अवकाश

भगवान की श्रावण –भादौ मास में निकलने वाली सवारियों को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने उज्जैन शहर के स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित किया है। इसकी अपेक्षा रविवार को स्कूलों का संचालन नियमित होगा। यह व्यवस्था 2 अगस्त से 6 सितंबर तक उज्जैन नगर क्षेत्रांतर्गत स्कूलों में लागू रहेगी। इसे लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र खत्री के अनुसार श्री महाकालेश्वर भगवान की सावन-भादौ मास सवारी वर्ष 2026 के दौरान प्रत्येक सोमवार को नगर उज्जैन में आयोजित की जाएगी। इसे लेकर नगर क्षेत्र में व्यापक यातायात परिवर्तन, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सुरक्षित आवागमन तथा शिक्षण व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु उज्जैन नगर क्षेत्र अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई एवं आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों के लिए रविवार 2अगस्त से 6 सितंबर तक प्रति रविवार स्कूलों में कार्य दिवस घोषित करते हुए स्कूलों का संचालन किया जाएगा। सोमवार 3 अगस्त से लेकर 7 सितंबर तक सभी सोमवार को नगर क्षेत्र के स्कूलों में अवकाश रहेगा। रविवार को समस्त विद्यालय नियमित समयानुसार संचालित किए जाएंगे। संबंधित सोमवार को विद्यालयों में अवकाश रहेगा।विद्यालय प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि उक्त कार्य दिवसों में नियमित रूप से शिक्षण कार्य संपादित हो। यह आदेश केवल उज्जैन नगर क्षेत्र में संचालित विद्यालयों पर लागू होगा। इधर सामने आ रहा है कि इस आदेश से नगर क्षेत्र के करीब 280 विद्यालय प्रभावित होंगे । इनमें हायर सेकेंडरी,हाई स्कूल,माध्यमिक विद्यालय ,प्राथमिक विद्यालय,प्ले स्कूल शामिल हैं। इनमें करीब 80 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।