{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे निर्माण के बाद औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र की समृद्धि भी तेजी से आगे बढ़ेगी

 बदलते भारत में मध्‍यप्रदेश विकास के रास्‍ते पर चला तेजी से - मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव
 

 

उज्जैन,10 जुलाई(इ खबर टुडे) । शुक्रवार को मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 5017 करोड़ रुपए की लागत से 98.730 कि.मी. लंबाई के उज्‍जैन-जावरा ग्रीनफील्ड हाईवे निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदलते भारत में मध्‍यप्रदेश भी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में विकास के रास्‍ते पर तेजी से बदल रहा है। नागदा में पिछली बार कार्यक्रम के दौरान जो संकल्‍प लिया था, उसी संकल्‍प के माध्‍यम से आज उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे की सौगात मिली है। इस मार्ग के बनने से नागदा नहीं, पूरे जिले के लिए इतिहास बनेगा।

कार्यक्रम में विशिष्‍ठ अतिथि के रूप में कर्नाटक के राज्‍यपाल थावरचंद गहलोत भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर 5017 करोड़ रुपए की लागत से 98.730 कि.मी. लंबाई के उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का भूमि पूजन किया गया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने नागदा में नवीन आईटीआई कॉलेज और चंबल नदी पर डेम बनाने की घोषणा भी की।

सिंहस्थ से पहले तैयार होगा 4 लेन- गहलोत

राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि आज नागदा को बहुत-सी सौगातें मिली हैं। यह सभी सौगातें केंद्र सरकार, राज्‍य सरकार और प्रशासन के माध्‍यम से मिली हैं। राज्‍यपाल श्री गहलोत ने कहा कि नागदा क्षेत्र में सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब सौगात मिली है तो यह 04 लेन सड़क मार्ग सिंहस्‍थ महापर्व के पहले तैयार हो जाएगा। जिसका लाभ नागदावासियों के साथ सिंहस्‍थ में आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। राज्‍यपाल श्री गहलोत ने कहा कि नागदा में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ भी आज हुआ है। अगले माह 03 अगस्‍त से इस विद्यालय में कक्षाएं भी प्रारंभ हो जाएंगी। केंद्रीय विद्यालय का नवीन भवन बनने तक विद्यालय किराए के भवन में संचालित होगा, जिसका किराया औद्योगिक इकाइयों द्वारा वहन किया जाएगा।

सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए सुविध बढा रहे

मुख्‍य अतिथि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नागदा और आसपास के क्षेत्र में आगे भी कई कार्य इस मार्ग निर्माण के बाद प्रारंभ होंगे। औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र की समृद्धि भी तेजी से आगे बढ़ेगी। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 2028 में सिंहस्‍थ महापर्व का विश्‍वस्‍तरीय आयोजन होना है। सिंहस्‍थ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हमारी सरकार सुविधा और विकास के कई कार्य कर रही है। उन्‍होंने कहा कि हम संभाग के साथ राज्‍यों के साथ तालमेल कर सिंहस्‍थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधा बढ़ा रहे हैं, जिससे सिंहस्‍थ में आने वाले श्रद्धालुओं को बाल बराबर भी परेशानी नहीं होगी। श्रद्धालुओं की सुगम आवागमन व्‍यवस्‍था के लिए कई सड़क मार्गों का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्‍कृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में हमारा देश दुनिया में चमत्‍कृत हो रहा है। उज्‍जैन में बाबा महाकाल के आंगन में श्री महाकाल महालोक बनने के बाद देशभर से लगभग 8.5 करोड़ लोग पहुंचे हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव और राज्‍यपाल श्री गहलोत ने वैदिक मंत्रोच्‍चार के साथ पूजन कर भूमि पूजन किया। 

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव और राज्‍यपाल श्री गहलोत ने सिंगल क्लिक के माध्‍यम से उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे मार्ग निर्माण भूमिपूजन पट्टिका का अनावरण किया। इसके साथ ही केंद्रीय विद्यालय नागदा का शुभारंभ और जिला प्रशासन के माध्‍यम से प्रारंभ किए गए जनसेवा प्रहरी का शुभारंभ अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर किया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने सड़क सुरक्षा के लिए जनसेवा प्रहरियों को हेलमेट का वितरण किया। अतिथियों ने समृद्ध किसानों पर आधारित पुस्‍तक का विमोचन भी किया। साथ ही फूड प्रोसेसिंग यूनिट रामसेतु ग्राम चितरोला, तहसील खाचरौद के अंतर्गत शासन द्वारा 15 करोड़ 90 लाख रुपए बैंक लोन आजीविका स्‍वसहायता समूह को प्रदान किया गया। इसके अलावा अतिथियों ने संबल योजना के अनुग्रह दुर्घटना राशि के चेक पात्र हितग्राहियों को सौंपे। कार्यक्रम में उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे निर्माण पर आधारित और जनसेवा प्रहरियों पर आधारित लघु फिल्‍म का प्रदर्शन भी किया गया।

 

एक्सप्रेस-वे से सीधी कनेक्टिविटी होगी

मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) द्वारा 98.730 कि.मी. लंबाई के उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण कराया जा रहा है। यह मार्ग उज्‍जैन के ग्राम मंगरोला से प्रारंभ होकर दिल्‍ली-मुंबई एक्‍सप्रेस-वे (एन.एच. 8 लेन इंटरचेंज) से जोड़ते हुए जावरा में होटल जोयो के समीप समाप्‍त होगा।

यह 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे होगा, जिसमें पेव्ड शोल्डर्स होंगे। परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) पर क्रियान्वित किया जाएगा। इसकी प्रशासकीय स्‍वीकृति की राशि ₹5017 करोड़ है। यह परियोजना उज्जैन एवं रतलाम जिलों को लाभान्वित करेगी तथा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जो कि आगामी सिंहस्‍थ 2028 में विभिन्न शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं की कनेक्टिविटी के लिए भी महत्वपूर्ण है।

नागदा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात

 मुख्यमंत्री ने शुक्रवार नागदा में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से नागदा एवं आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

 

विद्यालय में प्रथम चरण में कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित होंगी। प्रत्येक कक्षा में 40 विद्यार्थियों के प्रवेश की व्यवस्था के अनुसार कुल 200 सीटों पर अध्ययन प्रारंभ होगा। इनमें 25 प्रतिशत सीटों पर शिक्षा का अधिकार आरटीई के अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा आगामी 3 अगस्त से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।