साढे तीन साल बाद जुलाई में आदेश निकले और सितंबर में जाकर शपथ ग्रहण का मौका मिला
उज्जैन,24 सितम्बर(इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। मध्यप्रदेश की 13 नगर निगमों में 108 एल्डमेन की नियुक्ति प्रदेश सरकार ने 20 जुलाई को इसके आदेश जारी कर दिए थे। इसमें उज्जैन नगर निगम के लिए 8 एल्डरमेन नियुक्त किए गए थे। वर्तमान सरकार के कार्यकाल के साढे तीन साल की अवधि के उपरांत आदेश जारी होने के करीब 2 माह बाद एल्डमेनों को गुरूवार को कलेक्टर कार्यालय में शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत नगर निगम मुख्यालय में इनका स्वागत किया गया ।
मध्यप्रदेश शासन ने मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 9 की उपधारा (1) के खण्ड (ग) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगर पालिक निगम उज्जैन में 08 नाम निर्दिष्ट पार्षद (एल्डरमैन) नियुक्त किए हैं। इस संबंध में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय प्रशासनिक संकुल में जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह द्वारा नाम निर्दिष्ट पार्षदों को शपथ दिलवाई गई। इस दौरान राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज, उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा उपस्थित रहें।
इन्होंने ली शपथ
नगर निगम उज्जैन में एल्डरमैन के रूप में शासन द्वारा नामांकित 08 नागरिकों में मुकेश मालवीय, अशोक देवड़ा, मनीष खण्डेलवाल, अरविन्द्र उपाध्याय, मुकेश चौधरी, धर्मेन्द्र बरूआ, शैलेन्द्र यादव एवं मधुकर राव शामिल हैं।
कार्यप्रणाली में अनुभव एवं सामाजिक भागीदारी बढेगी
एल्डरमैन की नियुक्ति के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली में अनुभवी एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों की सहभागिता बढ़ेगी, मनोनीत एल्डरमैन नगर निगम की बैठकों में भाग लेकर शहर के विकास, जनहित एवं नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
निगम मुख्यालय में सम्मान
शपथ ग्रहण समारोह के पश्चात गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय शिवाजी भवन स्थित परिषद हाल में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और समारोह के दौरान नवनियुक्त नाम निर्दिष्ट पार्षद एल्डरमैन का पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।