{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 देवास:तिरंगा यात्रा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, एक दर्जन भाजपाई घायल

 डीजे वाहन के पेड़ से टकराने और तेज आवाज से भड़की मधुमक्खियां
 
 ** चार घायलों को जिला अस्पताल लाया गया
** जनप्रतिनिधियों ने हाल चाल जाने

 

उज्जैन / देवास,14 अगस्त(इ खबर टुडे)। देवास जिले के विजयागंज मंडी क्षेत्र में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। इससे भगदड जैसी स्थिति निर्मित हो गई। घटनाक्रम की शुरूआत तिरंगा यात्रा में शामिल एक डीजे वाहन के पेड़ से टकराने के उपरांत हुई। पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा था। वाहन के टकराने और डीजे की तेज आवाज के बाद मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को जमकर अपना शिकार बनाया है। एक दर्जन भाजपाई मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए हैं, इनमें से 4 को जिला अस्पताल देवास में भर्ती किया गया है।

 

अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले से तिरंगा यात्रा में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। हमले में करीब एक दर्जन लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए हैं। घायलों में से चार लोगों को उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायलों का विजयागंज मंडी क्षेत्र के आसपास के अस्पतालों में उपचार कराया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर हैं।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद देवास विधायक गायत्री राजे पवार के निर्देश पर देवास नगर निगम सभापति रवि जैन, एमआईसी सदस्य गणेश पटेल नवीन सोलंकी, , चिंटू रघुवंशी, दुर्गेश अग्रवाल विजय सिंह पवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और अस्पताल प्रबंधन से घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने की बात कही। मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले के कारण तिरंगा यात्रा कुछ देर के लिए प्रभावित हुई।