महाशिवरात्रि से पहले उज्जैन में पुलिस ने चप्पे – चप्पे पर संदिग्ध तलाशे, 40 हिरासत में
उज्जैन,13 फरवरी (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। महाशिवरात्रि पर उज्जैन में 10 लाख श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है। इसके चलते शहर के चप्पे – चप्पे में तलाशी का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह से पुलिस ने सघन चैंकिंग अभियान चलाया। इसमें बीडीडीएस क्राईम ब्रांच, थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड,होटल,लाज,होम स्टे,पेइंग गेस्ट हाउस,मंदिर क्षेत्र सहित भीड भाड वाले क्षेत्रों की दुकानों तक की तलाशी की है। संयुक्त कार्यवाही के दौरान कुल 40 संदिग्ध व्यक्तियों को मौके से हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन हेतु संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया है।
महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए शुक्रवार सुबह से ही पुलिस ने अपना मोर्चा खोल दिया और एक साथ पुलिस की टीमें शहर के अनेक क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश के लिए जूट गई। डीएसपी क्राईम वाय एस तोमर के अनुसार इस अभियान में हमने ड्रोन कैमरा टीम का उपयोग करते हुए संदिग्ध स्थितियों को वाच किया और तलाशी अभियान में बीडीडीएस टीम, उज्जैन क्राइम टीम तथा डीआरपी लाईन का एवं थाना स्टाफ उपयोग किया गया। कुल जमा अलग –अलग दलों में 80 से अधिक कर्मचारियों ने एक साथ अभियान में हिस्सेदारी की है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्र, देवासगेट - नानाखेडा बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन तथा पारदी डेरों सहित संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई तथा क्षेत्र में स्थित दुकानों, होटलों, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा की दृष्टि से जांच की गई। बीडीडीएस टीम द्वारा संदिग्ध वस्तुओं की विशेष जांच कर विस्फोटक अथवा आपत्तिजनक सामग्री की संभावना को पूर्णतः नकारा गया। पकडे गए संदिग्धों में नाना खेडा थाना क्षेत्र में एक होटल से घर से भागे लडका –लडकी को भी हिरासत में लेकर थाना पुलिस के सिपूर्द किया गया। इसके अलावा संदिग्धों को देवासगेट,जीआरपी,पंवासा पुलिस को सौंपा गया है।