{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Kisan Samman Nidhi : हरियाणा में इन किसानों को छह साल तक नहीं मिलेगी किसान सम्मान निधि की राशि, रिकवरी भी होगी

केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही किसान सम्मान निधि योजना के पात्र लोगों की जांच की शुरू 
 
 

केंद्र सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले लोगों की सरकार ने जांच शुरू कर दी है। जहां पर काफी लोग इस योजना के पात्र नहीं होने के बावजूद भी किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे है। ऐसे में इन लोगों की मुसीबत बढ़ने वाली है और कृषि विभाग की तरफ से इन लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।

विभाग ने अंबाला में अब तक 822 किसानों का लाभबंद कर दिया है। इनसे रिकवरी करने के लिए 6 साल तक इन किसानों को 17 सम्मान निधि की किस्त नहीं मिलेंगी। इनमें से कई पति-पत्नी और कई इनकम टैक्स देते थे, फिर भी योजना का लाभ ले रहे थे।

कृषि विभाग ने अब तक 4643 किसानों की वेरिफिकेशन करवाई है। इनमें से 822 किसानों को छोड़ कर बाकी सही मिले हैं। जिले में किसान सम्मान निधि योजना के तहत 54,695 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया हुआ है। विभाग बाकी किसानों की भी वेरिफिकेशन के लिए सर्वे करवा रहा है।

766 की भूमि व 2838 की आधार वेरिफिकेशन बाकी

किसान सम्मान निधि योजना के तहत 4202 किसानों की ई-वेरिफिकेशन, 766 की भूमि वेरिफिकेशन, 2838 किसानों की आधार वेरिफिकेशन बाकी है। इसके पूरा होने के बाद कई किसानों की छंटनी की जाएगी। इनमें से कई किसान ऐसे भी हैं जिनकी मौत हो चुकी है। कई किसानों के पास जमीन भी नहीं है। ऐसे में इन किसानों की वेरिफिकेशन भी किसी चुनौती से कम नहीं है। एटीएम, बीटीएम और सुपरवाइजर अपने क्षेत्रों में किसानों की वेरिफिकेशन करने में जुटे हैं।

केंद्र सरकार ने साल 2019 में शुरू की थी योजना

केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में किसान सम्मान निधि योजना शुरू की थी। इसके तहत खेती करने वाले किसानों को पंजीकृत किया गया था। योजना के अनुसार एक परिवार से एक ही सदस्य को लाभ मिल सकता है। इसके बाद भी एक परिवार से पति-पत्नी दोनों ने खुद को योजना के तहत पंजीकृत करवा लिया। इसका खुलासा ऑनलाइन वेरिफिकेशन से हुआ।

खेती के साथ नौकरी कर रहा था किसान, किस्त बंद

गांव जनसुई के 2 परिवारों में पति-पत्नी दोनों को ही किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे थे। ऑनलाइन वेरिफिकेशन हुई तो इसका खुलासा हुआ। अब दोनों सदस्यों की 18 किस्त बंद रहेंगी। इसके बाद एक ही सदस्य को लाभ दिया जाएगा।

गांव समलेहड़ी का एक किसान ने खेतीबाड़ी के साथ अच्छी नौकरी भी कर रहा था। इसके बाद भी वह सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहा था। वेरिफिकेशन के बाद इसका खुलासा हुआ तो अब उनकी किस्त को बंद करवा दिया है।

हेराफेरी करने वालों की किस्त रोक दी : मंजीत

अंबाला कृषि विभाग की एएसओ मंजीत कौर ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत परिवार में एक सदस्य को ही लाभ मिलता है। जिन परिवारों के पास सरकारी नौकरी या अन्य सरकारी सुविधाएं होती हैं, उन्हें भी लाभ नहीं मिलता। ज्यादातर मामले पति-पत्नी से संबंधित देखने को मिले हैं। उनकी वेरिफिकेशन करवाई जा रही है। जिन लोगों ने जितनी किस्त ज्यादा ले ली हैं, उनकी उतनी ही किस्त रोककर रिकवरी की जाएगी।