Haryana news : हरियाणा में 200रु पेंशन में बढ़ोतरी, 34 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
haryana news : बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 200 रुपए बढ़ा दी गई है। अब यह 3000 रुपए के बजाय 3200 रुपए प्रतिमाह की गई है। यह 1 नवंबर से लागू होगी। बढ़ी पेंशन दिसंबर माह से मिलने लगेगी। यह घोषणा शुक्रवार को भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने के मौके पर सीएम नायब सिंह सैनी ने की। करीब 34 लाख 56 हजार 125 लोगों को इस पेंशन का लाभ मिल रहा है।
सीएम ने 8547 लोगों को प्लॉट आवंटन के प्रमाण पत्र दिए। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत 141 गांव, 2 महाग्राम पंचायतों में 8,029 लोगों को 100 वर्ग गज के प्लॉट दिए हैं। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के दूसरे चरण में पिंजौर में 518 लोगों को 30 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए हैं। इसे लेकर पंचकूला में राज्यस्तरीय कार्यक्रम हुआ। सीएम ने कहा कि धनतेरस के दिन भी तहसील खुली रहेंगी। रजिस्ट्री भी होंगी। सीएम ने पंचायतों को विकास कार्यों के लिए स्टाम्प शुल्क व बिजली खपत पर पंचायत सेस की 1,044.57 करोड़ रुपए की राशि जारी की। 322 गांवों में फिरनियों के निर्माण के लिए 169 करोड़ दिए गए। नगर निकायों को 1,483.77 करोड़ रुपए जारी किए हैं।
सीएम ने एक साल का लेखा-जोखा भी दिया
आवास योजनाओं में एक साल में 77,199 परिवारों को लाभः सीएम ने कहा कि एक वर्ष में विभिन्न आवास योजनाओं के तहत 77,199 परिवारों को लाभ प्रदान किया है। पीएम आवास योजना के तहत 49,403 और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 27,796 परिवारों को लाभ मिला है।
25,515 करोड़ की 2,716 परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यासः 4,685 करोड़ के 2,159 प्रोजेक्ट का उद्घाटन व 20,830 करोड़ के 557 प्रोजेक्ट का शिलान्यास हुआ। संकल्प-पत्र के 217 में से 46 वादे पूरे हो चुके हैं। 158 पर काम चल रहा है। इस वित्त वर्ष में कुल 90 संकल्प पूरे कर लेंगे।
1 नवंबर को हरियाणा आ सकते हैं पीएम मोदी
सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की 17 अक्टूबर की सोनीपत रैली किन्हीं कारणों से स्थगित की गई थी। जल्द ही पीएम हरियाणा में आएंगे। फिर से समय मांगा गया है। बहुत संभव है कि यह रैली 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर हो। हालांकि अभी तारीख तय नहीं की गई है। चेहरे की मुस्कान को लेकर विपक्षी नेताओं की ओर से सवाल उठाए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। या तो वो धरने पर बैठ जाते हैं या फिर इस प्रकार की बातें करते हैं। प्रदेश की जनता खुश है। इसलिए मेरे चेहरे पर मुस्कान रहती है। विपक्ष के नेताओं को सलाह है कि हंसना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।
-
महाभारत का उदाहरण देते हुए सीएम ने कहा कि बर्बरीक को सिर्फ सुदर्शन नजर आ रहा था। वैसे ही जापान में सिर्फ मोदी-मोदी ही लोग कह रहे थे। जिस भी व्यक्ति से मिला, उन्होंने पीएम मोदी व उनकी नीतियों को सराहा। दो दिन के दौरे में हरियाणा में निवेश के लिए 5 हजार करोड़ से ज्यादा के एमओयू साइन हुए हैं।