हरियाणा सरकार ने दी आबकारी नीति को मंजूरी,गांवों में 152 शराब के ठेके बंद
हरियाणा सरकार ने आबकारी नीति को मंजूरी दे दी है। इसमें शराब की दुकानों को लेकर नया नियम लाया गया है। यह फैसल 5 मई को हुई हरियाणा सरकार की कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इसके अलावा कुछ और भी फैसले कैबिनेट बैठक में लिए गए।
कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मोहर लगाई गई। प्रदेश प्रदेश में 2400 शराब की दुकानें खोली जाएंगी। इसमें 1200 जोन बनाए गए हैं। शराब की दुकानें स्कूल, कॉलेज और मंदिर से 150 मीटर दूर होंगी। पहले यह दूरी 75 मीटर थी।
अब इसे बढ़ा दिया गया है ताकि लोगों की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचे। वहीं नेशनल और स्टेट हाइवे पर शराब की दुकानें नहीं खोली जाएंगी। इसके अलावा शराब के विज्ञापनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। यदि इसकी उल्लंघना होती है तो शराब ठेकेदार पर 1 से 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है और उसका लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा। 500 से कम आबादी वाले गांवों में भी शराब के ठेके नहीं खोले जाएंगे। इस निर्णय से प्रदेश के 700 गांवों में 152 शराब के ठेके बंद हो जाएंगे। वहीं बैठक में अहाता खोलने के लिए जोन के हिसाब से फीस भी निर्धारित की गई है।
शहीद अग्निवीरों को एक करोड़
हरियाणा कैबिनेट की बैठक में अग्निवीरों के लिए भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। यदि कोई अग्निवीर युद्ध में शहीद हो जाता है तो उसे भी सैनिक की तर्ज पर एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
हरियाणा कैबिनेट के महत्वपूर्ण फैसले
उपरोक्त के अलावा हरियाणा कैबिनेट ने और भी कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। नई गोशालाओं के लिए भूमि खरीद या बिक्री के लिए डीड दस्तावेजों पर लगने वाला स्टांप शुल्क नहीं लगेगा। जो गोशालाएं पंजीकृत हैं, उनकी भूमि को किसी भी व्यक्तिगत कार्य के लिए और व्यावसायिक कार्य के लिए प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
गोसेवा आयोग का बजट अब 5 हजार करोड़ रुपये किया गया। नगरपालिका की लेखा संहिता 1930 को खत्म करने की मंजूरी दी गई। अब नगर निकायों में सिंगल एंट्री की बजाय डबल एंट्री अकाउंटिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। 19 फरवरी 2019 को पुलवामा के आतंकवादी विरोधी अभियान में शहीद हुए नायक संदीप की पत्नी कीता को फरीदाबाद के गांव अटाली में 200 वर्ग गज का आवासीय प्लाट दिया जाएगा।
इसके अलावा सभी विभागों, बोर्डों और निगमों, पंचायती राज संस्थाओं तथा शहरी स्थानीय निकाय के लिए भूमि की बाजार दर निर्धारित करने की नीति में भी संशोधन किया गया। हरियाणा को एआई हब बनाने को मंजूरी। इसके तहत गुरुग्राम में ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर और पंचकूला में हरियाणा एडवांस कंप्यूटिंग फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया। पंडित लख्मीचंद कलाकार सामाजिक सम्मान योजना शुरू करने का भी फैसला लिया गया। यमुनानगर में जो बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक बन रहा है, उसके लिए भूमि हस्तांतरण को भी मंजूरी दी गई।