हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या और दिल्ली के बाद आज चंडीगढ़ की फ्लाइट भी शुरू, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे हरी झंडी
हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान आज से शुरू,हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या व दिल्ली के बाद अब सोमवार को चंडीगढ़ की फ्लाइट भी शुरू हो रही है। सीएम नायब सिंह सैनी एलायंस एयर के 48 सीटर विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल भी रहेंगे। पहली फ्लाइट में सीएम भी चंडीगढ़ जा सकते हैं। फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार व शुक्रवार को रहेगी।
हिसार से चंडीगढ़ की पहली फ्लाइट की सभी सीटें फुल हो गई हैं। चंडीगढ़ से हिसार की फ्लाइट की सीटें अभी बची हैं। फ्लाइट का किराया 1724 से 2500 रुपए तक रहेगा। सीट की उपलब्धता के आधार पर यह कम ज्यादा हो सकता है। बता दें कि 14 अप्रैल को हिसार से अयोध्या व दिल्ली की उड़ान शुरू हुई थी। यहां से अब तक 750 से अधिक यात्री अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं। सरकार ने हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, अहमदाबाद के लिए हवाई सेवा शुरू करने का वादा किया था।
हिसार से चंडीगढ़ के बस में 4, ट्रेन में 7 घंटे लगते हैं, फ्लाइट से 1 घंटा
सड़क मार्ग से हिसार से चंडीगढ़ की दूरी 252 किलोमीटर है। साधारण बस में करीब 4 घंटे का समय लगता है। 320 रुपए किराया है।
हिसार के रायपुर स्टेशन से चंडीगढ़ तक पैसेंजर ट्रेन में 7 घंटे लगते हैं। 55 रुपए किराया है।
लाइट से सिर्फ 1 घंटे में पहुंचेंगे। समय तो बचेगा, पर किराया कई गुना ज्यादा लगेगा।