बच्चे ने डीजीपी को गलत कॉल लगाई ,तो शुरू की यह मुहिम
हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह के मोबाइल पर देर रात एक कॉल आया। पता चला, एक बच्चा मोबाइल चला रहा था और उसने गलती से डायल कर दिया था। इस कॉल ने डीजीपी ओपी सिंह को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि बच्चों में स्क्रीन की लत बढ़ती जा रही है। बस, यही वो पल था, इसके बाद डीजीपी सिंह ने पूरे राज्य में बच्चों को 'स्क्रीन' से बचाने का अभियान शुरू किया।
डीजीपी ओपी सिंह अब लोगों और बच्चों को जागरूक कर रहे हैं कि बच्चों का ज्यादा फोन चलाना स्वास्थ्य के साथ सुरक्षा के लिए 'खतरा है। उन्होंने सभी को 'नो फोन एट डिनर' और 'सोने से एक घंटा पहले स्क्रीन बंद' करने के लिए प्रेरित किया। डीजीपी ओपी सिंह ने स्क्रीन टाइम से होने वाले नुकसान जैसे ध्यान की कमी, नींद में बाधा और सामाजिक कौशल का विकास न होने संबंधित विषयों पर विशेषज्ञ का वीडियो भी जारी किया है।
हरियाणा की साइबर सेल बच्चों को स्क्रीन से बचाने के इस अभियान में भूमिका निभाएगी। 'डिजिटल कर्फ्यू' यानी सोने के बाद बेडरूम में डिवाइस न रखने का संदेश भी दिया जाएगा।