{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 ​'ऑपरेशन क्लीन' के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता: हत्या और डकैती का फरार आरोपी गिरफ्तार

 ​बाजना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल भी बरामद
 

​रतलाम, 21मई(इ खबर टुडे)। जिले में गंभीर अपराधों पर नियंत्रण और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत बाजना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने हत्या और डकैती जैसे दो गंभीर मामलों में काफी समय से फरार चल रहे एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोबाइल भी बरामद किया गया है।

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया और उनकी टीम ने इस प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया।

​मामला 1: माही नदी पुल पर चाकू दिखाकर की थी डकैती
​पुलिस के अनुसार, बीती 13 अप्रैल 2026 को बांसवाड़ा (राजस्थान) निवासी फरियादी कादर खां अपनी बेटी के साथ जावरा में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान बाजना क्षेत्र के रतनगढ़पीठ स्थित माही नदी पुल के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू दिखाकर आतंकित किया।

बदमाश उनसे 5,000 रुपये नगद, जरूरी दस्तावेज (ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड आदि) तथा उनकी बेटी के पर्स से 15,000 रुपये नगद, सोने के एयररिंग, मंगलसूत्र और कपड़ों का बैग लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत डकैती का प्रकरण दर्ज किया था।

​मामला 2: डीजे पर नाचने के विवाद में की थी हत्या
​इसके अगले ही दिन यानी 14 अप्रैल 2026 को ग्राम देवीपाड़ा में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। यहाँ शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर हुए विवाद में निलेश झोड़िया और उसके साथियों ने सुनील झोड़िया नाम के युवक पर चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। बाजना पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया था।

​मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा गया आरोपी
​इन दोनों गंभीर मामलों को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने पूर्व में 17 अप्रैल को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी अश्वीन पिता सुखराम कटारा (19 वर्ष), निवासी नई आबादी बिबड़ोद, लगातार फरार चल रहा था।

​बाजना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी कर फरार आरोपी अश्वीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

​इनकी रही सराहनीय भूमिका
​इस अंधे कत्ल और डकैती के आरोपी को पकड़ने में बाजना थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया, उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, आरक्षक सन्नी मईड़ा, आरक्षक प्रेमसिंह और साइबर सेल टीम की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।