रतलाम / पेड़ पर चढ़ते ही 33 केवी लाइन की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत; विद्युत मंडल पर लापरवाही के आरोप
रतलाम, 22 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले के जावरा क्षेत्र के ग्राम उमट पलड़िया स्थित कब्रिस्तान के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत मंडल पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और मुआवजे की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उमट पलड़िया निवासी शाहरुख (27) पिता सुल्तान शनिवार को बकरियां चराने के लिए गया था। इसी दौरान वह पेड़ पर चढ़कर रस्सी बांध रहा था और पत्तियां तोड़ने का प्रयास कर रहा था। तभी पेड़ के पास से गुजर रही 33 केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय मौके पर मौजूद उसके भाई मोहम्मद खान ने तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। इसके बाद लाइनमैन श्याम और राहुल को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई। सप्लाई बंद होने के बाद परिजनों और समाजजनों ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। सूचना मिलते ही डायल 112 की मदद से शव को जावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
विद्युत मंडल पर लापरवाही के आरोप, हंगामा
हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने विद्युत मंडल की कार्यप्रणाली पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि 33 केवी लाइन पेड़ के बेहद करीब से गुजर रही थी। यदि समय रहते पेड़ों की छंटाई और लाइन का नियमित रखरखाव किया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। सुरक्षा इंतजामों और रखरखाव की कमी को लेकर लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा भी किया तथा उचित मुआवजे की मांग की।
हसनपाल वितरण केंद्र में पदस्थ कर्मचारी मोहम्मद इरफान अंसारी ने बताया कि उमट पलड़िया के पास से गुजर रही 33 केवी लाइन के नजदीक स्थित पेड़ या डाली पर संभवतः युवक चढ़ा था, जिससे लाइन की रेंज व नमी के कारण करंट लगने से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि शासन के प्रावधानों के अनुसार जो भी निर्धारित मुआवजा है, वह दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, परिजनों के मुताबिक अधिकारियों ने शासन के नियमानुसार 4 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच व विवेचना कर रही है।