पुरानी रंजिश में युवक की निर्मम हत्या, खेत में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
रतलाम,20 जून (खबर टुडे)। जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम खरवा कला में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें अज्ञात आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम खारवा कला निवासी बबलू डांगी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि बीती रात पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बबलू की हत्या की और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसके शव को एक खेत में फेंक कर फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मेडिकल कॉलेज भेजा शव, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है।
थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि "प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
पुलिस फिलहाल मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के सही कारणों और आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। इस वारदात के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।