{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 नाबालिग के घर घुसे युवक पर कांच की बोतल से हमला, गला कटा; हालत खतरे से बाहर, पुलिस जांच में जुटी

 

 ​​​​​

​रतलाम,18 अगस्त(इ खबर टुडे)। औद्योगिक थाना क्षेत्र के डोंगरे नगर में मंगलवार को एक युवक को नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर जाना भारी पड़ गया। परिजनों के अचानक आ जाने से विवाद बढ़ गया, जिसके बाद लड़की के पिता ने युवक पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। हमले में युवक का गला कट गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर (हाल मुकाम विरियाखेड़ी) निवासी समीर कुरैशी (पिता शमीम कुरैशी), जो पेशे से गैरेज मैकेनिक है, डोंगरे नगर स्थित एक नाबालिग लड़की के घर उससे मिलने पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के पिता ने उसे देख लिया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर लड़की के पिता ने कांच की बोतल से समीर के गले पर वार कर दिया।

​आधा दर्जन से ज्यादा टांके, मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
धारदार हमले से युवक का गला गंभीर रूप से कट गया। घटना के तुरंत बाद घायल समीर को शासकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के गले पर आधा दर्जन से अधिक टांके आए हैं, हालांकि उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

​पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।