इंदौर-रतलाम हाईवे पर 42 हजार की अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, बिलपांक पुलिस ने ढाबे के सामने पकड़ा
रतलाम, 1 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलपांक पुलिस ने इंदौर-रतलाम हाईवे पर कार्रवाई करते हुए 210 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 42 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को थाना बिलपांक में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अजय रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिमलावदा स्थित शेर पंजाब ढाबे के सामने एक व्यक्ति अफीम लेकर किसी को देने जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम हुसैन पिता इब्राहीम हुसैन, उम्र 28 वर्ष, निवासी शमीमाबाद, बरखेड़ा कला, जिला रतलाम बताया। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली तो उसके पेंट की दाहिनी जेब से एक पॉलीथीन की थैली बरामद हुई। थैली में कथई रंग का पदार्थ भरा था। जांच में पदार्थ अफीम पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर पॉलीथीन सहित कुल वजन 210 ग्राम निकला, जिसकी कीमत करीब 42 हजार रुपए आंकी गई।
पुलिस ने अफीम को विधिवत जब्त कर आरोपी सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध थाना बिलपांक में धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से अफीम के स्रोत और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में की गई। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई जारी है।