{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम: दीनदयाल नगर थाने में हंगामा, युवती ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या की कोशिश की; पुलिसकर्मियों पर हमला

 

 

 

​रतलाम, 11 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। शहर के दीनदयाल नगर थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक परिवार के सदस्यों ने थाने के मुख्य द्वार पर पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। इस दौरान एक युवती ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने की कोशिश की।  
​
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन शनिवार को दीनदयाल नगर थाने के प्रभारी कक्ष में अपराध संबंधित की जांच का कार्य चल रहा था। तभी नीरज टांक, चेतन टांक, मुस्कान टांक और अर्पिता टांक थाने के मुख्य गेट पर पहुंचे और पुलिस बल के विरुद्ध की गई कार्रवाई को लेकर चिल्लाने लगे।  

​इसी बीच मुस्कान टांक ने हरी रंग की केन से अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया और उसके साथ आई अर्पिता टांक ने भी खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। मुस्कान हाथ में माचिस लेकर पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगी।  

​पुलिसकर्मी पर किया हमला
​घटना को देखते ही मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक कमल बघेल ने दौड़कर मुस्कान के हाथ से माचिस छीनने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान अर्पिता और अन्य लोग चिल्लाते हुए पुलिस पर दबाव बना रहे थे कि "हमारे खिलाफ की गई रिपोर्ट को बंद करो और हमारे कहने पर मोहल्ले के लोगों के विरुद्ध तत्काल रिपोर्ट लिखो"।  

​किसी तरह अप्रिय घटना को टालने के लिए जब पुलिसकर्मियों ने मुस्कान को पकड़ा और माचिस छुड़ाने का प्रयास किया, तो उसने बौखलाकर पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी की। इस दौरान मुस्कान ने थाना प्रभारी अनुराग यादव की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उनके बड़े नाखूनों से गर्दन के दाहिनी तरफ चोट आई।  

​शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस पर दबाव
​घटना के कुछ देर बाद मुस्कान के पिता पवन टांक और सावन टांक भी मौके पर पहुंच गए। सभी आरोपियों ने मिलकर थाना परिसर में चिल्लाचोट की और पुलिस स्टाफ के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।  

​थाना प्रभारी अनुरागयदव का कहना है कि आरोपियों ने शासकीय भवन के भीतर अकारण आत्महत्या का भय दिखाकर पुलिस पर अनुचित दबाव बनाने और निष्पक्ष कार्रवाई को प्रभावित करने का कृत्य किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।