रतलाम / दिल बहार चौराहे पर महिलाओं ने की युवक की सरेराह पिटाई, जेब से रुपए छीने; वीडियो वायरल (देखिए वीडियो)
रतलाम, 13 जुलाई (इ खबर टुडे)। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला दिल बहार चौराहा एक बार फिर अपराधियों और अनैतिक गतिविधियों के कारण सुर्खियों में आ गया है। पुलिस की तमाम गश्त और दावों के बावजूद इस व्यस्ततम इलाके में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला आज सोमवार सुबह का है, जहां सरेराह कुछ महिलाओं ने एक युवक पर झपट्टा मारकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और उसकी जेब से पैसे छीन लिए। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। दिल बहार चौराहे के पास एक युवक बैठा हुआ था, तभी अचानक तीन से चार महिलाओं ने उसे घेर लिया और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। चौराहे पर सरेआम हो रही इस गुंडागर्दी को देखकर वहां हड़कंप मच गया। इसी दौरान पास में खड़े एक मैजिक (यात्री वाहन) चालक ने अपने मोबाइल कैमरे में इस पूरी मारपीट का वीडियो कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है।
अनैतिक देह व्यापार और होटलों की मिलीभगत का आरोप
सूत्रों और स्थानीय व्यापारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा क्षेत्र पिछले लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों का अड्डा बना हुआ है। आरोप है कि यहाँ कुछ महिलाएं आदतन अनैतिक देह व्यापार में लिप्त रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के कुछ होटल संचालक भी महज थोड़े से मुनाफे और लालच के चक्कर में अपने होटलों के कमरे कुछ घंटों के लिए किराए पर दे देते हैं, जिससे इस तरह के अपराधियों को बढ़ावा मिल रहा है। व्यापारियों के अनुसार, इन महिलाओं का जमावड़ा यहाँ रोज देखा जा सकता है, जिसके कारण आए दिन मारपीट और विवाद की स्थितियां निर्मित होती हैं।
रतलाम / दिल बहार चौराहे पर महिलाओं ने की युवक की सरेराह पिटाई, जेब से रुपए छीने; वीडियो वायरल pic.twitter.com/vCLB2oTNJx
— Tushar Kothari (@TusharKothari07) July 13, 2026
पुलिस जांच में जुटी
घटना के दौरान युवक की जेब से पैसे निकाले जाने की बात भी सामने आई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना तुरंत स्टेशन रोड पुलिस थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है। स्थानीय दुकानदारों ने मांग की है कि दिल बहार चौराहे पर पुलिस का परमानेंट पहरा बैठाया जाए ताकि आम राहगीर और व्यापारी सुरक्षित महसूस कर सकें।