{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने कुएँ में छलाँग लगाई, डायल-112 और SDRF की मुस्तैदी से बची जान

 

 

रतलाम, 23 जुलाई (इ खबर टुडे)। थाना इंडस्ट्रियल एरिया जावरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हुसैन टेकरी के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा टल गया। पारिवारिक कलह और अवसाद से तंग आकर एक 40 वर्षीय महिला ने कुएँ में छलाँग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालाँकि, पुलिस कंट्रोल रूम की त्वरित कार्रवाई और डायल-112 टीम की सजगता से महिला की जान सकुशल बचा ली गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को 23 जुलाई 2026 की सुबह 09:22 बजे मिली। मामला अत्यंत संवेदनशील होने के कारण भोपाल कंट्रोल रूम ने बिना समय गँवाए क्षेत्र में तैनात डायल-112 (FRV) वाहन को तत्काल मौके पर रवाना किया।

SDRF और डायल-112 का संयुक्त रेस्क्यू
सूचना मिलते ही डायल-112 स्टाफ के आरक्षक 1091 अर्जुन प्रजापत और पायलट दीपेंद्र भाटी कुछ ही मिनटों में हुसैन टेकरी स्थित घटनास्थल पर पहुँच गए। कुएँ में महिला को फँसा देख जवानों ने बिना देर किए SDRF की टीम से संपर्क किया और उनके साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद महिला को कुएँ से सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती
रेस्क्यू के तुरंत बाद जवानों ने प्राथमिक पूछताछ की और महिला को अविलंब डायल-112 वाहन से सिविल अस्पताल जावरा पहुँचाया। डॉक्टरों की देखरेख में महिला का उपचार जारी है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सराहनीय प्रयास: समय रहते मिली सूचना और पुलिस व SDRF की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा होने से रोक लिया। डायल-112 के जवानों की इस तत्परता की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।