{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम: बदनावर से लौटते ही महिला पर पति और ससुराल वालों ने किया हमला, पुलिस ने दर्ज किया केस

 

​रतलाम, 09 मई (इ खबर टुडे)। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत डोसीगांव मल्टी में एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता जब दो महीने बाद अपने मायके बदनावर से वापस लौटी, तो उसके पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, डोसीगांव मल्टी निवासी पीड़िता ने बताया कि उसका पति कालू खाडेल शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी से तंग आकर वह कुछ समय पहले अपने मायके बदनावर चली गई थी। बीते दिन शुक्रवार 8 मई को जब वह वापस अपने घर लौटी, तो उसी रात करीब 7:30 बजे उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

​बीच-बचाव करने आए बच्चों के सामने पीटा
​पीड़िता का आरोप है कि पति कालू, ननद सुमित्रा और उसके लड़के उमेश ने उसे घर वापस आने की बात पर गंदी गालियां दीं। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो सुमित्रा ने उसके बाल पकड़ लिए और पति कालू ने डंडे से उसके सिर और गाल पर वार किया। इस दौरान पीड़िता के दो बेटों, सागर और आनंद ने बीच-बचाव कर अपनी मां को छुड़ाया। आरोपियों ने महिला को जान से खत्म करने की धमकी भी दी है।

​औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कालू खाडेल, सुमित्रा और उमेश (भय्यू) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।