भरण-पोषण का केस करने पर महिला से मारपीट, पति, बहन और जीजा के खिलाफ रतलाम में FIR दर्ज
रतलाम, 05 जुलाई(इ खबर टुडे)। पारिवारिक विवाद और भरण-पोषण (भत्ते) के मुकदमे से नाराज होकर एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस विवाद में महिला की सगी बहन और जीजा भी उसका साथ देने के बजाय उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पीड़िता की शिकायत पर रतलाम पुलिस ने आरोपी पति, बहन और जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के चौमहला जिले की रहने वाली पीड़िता नर्मदा सांकला का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व उज्जैन जिले के ग्राम बरूखेड़ी निवासी जीवन सांकला के साथ हुआ था। दंपति के चार बच्चे भी हैं। कुछ समय पूर्व पति से आपसी मतभेद के कारण नर्मदा अपने पति से अलग रहने लगी और उसने जीवन यापन के लिए रतलाम न्यायालय में पति के खिलाफ भरण-पोषण का केस लगा दिया। कोर्ट में केस होने के बाद पति चारों बच्चों को अपने पास ले गया। वर्तमान में नर्मदा रतलाम के मिडटाउन इलाके में खाना बनाने का काम कर अपना गुजारा कर रही है।
सगी बहन और जीजा बना रहे थे राजीनामे का दबाव
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी सगी बहन सीमा सोलंकी और जीजा बद्रीलाल सोलंकी भी मिडटाउन में ही रहते हैं। पिछले करीब एक महीने से बहन और जीजा उस पर पति के साथ राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे। जब नर्मदा ने केस वापस लेने से मना किया, तो उसकी सगी बहन और जीजा ने उसके साथ मां-बहन की अश्लील गालियां दीं।
बंधक बनाकर वडीतरावन ले गया पति, की मारपीट
गत 25 जून 2026 को पति जीवन सांकला, बहन और जीजा की बातों में आकर रतलाम आया और नर्मदा को अपने साथ वडीतरावन लेकर चला गया। वहां भी केस में राजीनामा करने की बात को लेकर पति ने नर्मदा को अश्लील गालियां दीं। जब उसने विरोध किया, तो पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपी पति ने धमकी दी कि "अगर केस में राजीनामा नहीं किया, तो जान से खत्म कर दूंगा।" इस खौफनाक धमकी के कारण पीड़िता इतनी डर गई कि उसने उस समय न तो डॉक्टर को दिखाया और न ही रिपोर्ट दर्ज कराई।
सहेली के साथ थाने पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट
किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर पीड़िता बीते शुक्रवार को वापस रतलाम आई। यहाँ उसने अपनी आपबीती अपनी सहेली पूजा शर्मा को बताई। इसके बाद पीड़िता ने अपनी सहेली के साथ थाने उपस्थित होकर आरोपी पति जीवन सांकला, बहन सीमा सोलंकी और जीजा बद्रीलाल सोलंकी के खिलाफ मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।