{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम पुलिस को सफलता, गोदाम में हुई चोरी का खुलासा; 2 आरोपी गिरफ्तार, 60 हजार का माल बरामद

 

​रतलाम,13जुलाई(इ खबर टुडे)। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महू-नीमच रोड स्थित एक गोदाम में हुई चोरी का चंद दिनों में ही पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले का एक आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वेदव्यास कॉलोनी निवासी फरियादी शलभ अग्रवाल पिता गिरीश अग्रवाल (40) का महू-नीमच रोड स्थित पेपर मिल कंपाउंड में खाद और इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम है। 9 जून 2026 की शाम को कर्मचारी रफीक खान गोदाम में ताला लगाकर गया था। 11 जून की सुबह जब वह दोबारा पहुंचा, तो गोदाम का ताला टूटा हुआ था और शटर ऊपर उठा था। अंदर जांच करने पर कूलर, आरओ (RO) मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिले। फरियादी की शिकायत पर स्टेशन रोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) एवं 331(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल, एएसपी राकेश पंद्रो एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​पुलिस टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, तो दो संदिग्धों के नाम सामने आए। पुलिस ने घेराबंदी कर हारुन खान पिता फिरोज खान (22 वर्ष) निवासी हाथीखाना और जफर उर्फ माचो पिता लियाकत हुसैन (30 वर्ष) निवासी मोचीपुरा, रतलाम को हिरासत में लिया।

कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी सईद खान निवासी डाट की पुल के साथ मिलकर गोदाम का ताला तोड़ने और चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रुपयों की जरूरत के कारण चोरी का सामान अलग-अलग लोगों को बेच दिया था।

​60,000 रूपये का मशरूका जब्त, एक आरोपी फरार
​पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए 06 कूलर, 01 पंखा और 01 आरओ वाटर फिल्टर बरामद कर लिया है। जब्त किए गए इस सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। पुलिस फरार आरोपी सईद खान की गिरफ्तारी और अन्य वारदातों के संबंध में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है।

​इस पूरी कार्रवाई खुलासे में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन, उपनिरीक्षक मुकेश सस्तिया, प्रधान आरक्षक हेमन्त परमार, मुकेश सिंह चौहान, आरक्षक लाखन सिंह, रितेश यादव, दीपक वसुनिया, मोहन पाटीदार, मृत्युंजय सिंह, धीरेन्द्र गोखले और राजेश सिंगाड़ की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।