रतलाम पुलिस की कार्रवाई: 2 लाख के डोडाचूरा सहित वोक्सवेगन कार जब्त, प्रतापगढ़ के दो तस्कर गिरफ्तार
रतलाम,08 जून (इ खबर टुडे)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रिंगनोद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए मंदसौर रोड से 100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कीमती कार को भी जब्त कर राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रविवार रात पुलिस को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली थी कि मंदसौर रोड के रास्ते अवैध मादक पदार्थ की एक खेप जिले में लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लिया और मंदसौर रोड स्थित माननखेड़ा चौकी फोरलेन रोड पर तगड़ी घेराबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करते हुए पुलिस ने एक सफेद रंग की वोक्सवेगन कार को रोका।
लाखों का डोडाचूरा और कार जब्त
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ 100 किलोग्राम डोडाचूरा अनुमानित कीमत दो लाख रुपए और तस्करी में उपयोग की जा रही सफेद रंग की वोक्सवेगन कार रजिस्ट्रेशन नंबर: MP 09 CM 4775, अनुमानित कीमत पांच लाख रुपए कूल मशरूका सात लाख रुपए को बरामद करने में सफलता मिली है।
राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार सवार दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम सुनील मालवीय (उम्र 36 वर्ष), पिता - मोहनलाल मालवीय, निवासी - आर्य समाज मंदिर के पास, गोपालगंज, प्रतापगढ़ (राजस्थान), इल्यास खान उर्फ गुड्डू 40 वर्षीय पिता - इसरार खान पठान, निवासी - नौगावा, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) बताये जा रहे हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
रिंगनोद थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी की धाराओं (NDPS Act) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से रिमांड के दौरान यह पूछताछ कर रही है कि वे यह डोडाचूरा कहाँ से लाए थे और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इस मामले में बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।