गुरुवार को 86 बालिकाओं का एच पी वी वैक्सीनेशन किया गया,एच पी वी वैक्सीनेशन की सुविधा निशुल्क प्रतिदिन उपलब्ध
रतलाम 12 मार्च(इ खबर टुडे ) । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि रतलाम जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। एच पी वी वैक्सीनेशन जिले के चिन्हित केंद्रों प्रतिदिन किया जा रहा है।
रतलाम जिले में बाल चिकित्सालय रतलाम, मेडिकल कॉलेज रतलाम , सिविल अस्पताल आलोट, जावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली, बाजना, सैलाना, ताल, पिपलोदा केंद्रों पर प्रतिदिन वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
कार्यक्रम प्रारंभ होने के बाद से अब तक कुल 493 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। ऐसी सभी बालिकाएं जिन्होंने अपना 14 वां जन्मदिवस मना लिया है और 15 जन्मदिवस नहीं मनाया है सभी वैक्सीनेशन के लिए पात्र है, बाजार में उक्त वैक्सीन की कीमत लगभग 4000 रुपए है।
सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से बचाव के लिए सभी अभिभावकों को अपनी बेटी का निःशुल्क वैक्सीनेशन नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर कराने की अपील की गई है । जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि टीकाकरण कराने के लिए ऑनलाइन यूं विन पोर्टल पर भी बुकिंग की जा सकती है अथवा सीधे टीकाकरण केंद्र पर आकर वैक्सीनेशन कराया जा सकता है।
वैक्सीनेशन करने के लिए आयु के प्रमाण संबंधी कोई भी दस्तावेज अथवा स्वयं का आयु संबंधी घोषणा पत्र भी मान्य है। टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होकर निशुल्क है, अपनी 14 वर्ष की बेटी का वैक्सीनेशन कराए ताकि सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सके।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों के संबंध में बताया गया कि एच पी वी वैक्सीनेशन पूरी तरह सुरक्षित है। यदि किसी के घर में कैंसर संबंधी कोई मरीज नहीं है, तब भी एच पी वी का वैक्सीनेशन कराया जाना आवश्यक है , ताकि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास हो सके।
एचपीवी का टीका प्रजनन क्षमता को बिल्कुल प्रभावित नहीं करता है , बल्कि यह एच पी वी संक्रमण से सुरक्षा करते हुए प्रजनन क्षमता की सुरक्षा करता है। एचपीवी का टीका मासिक धर्म पर कोई प्रभाव नहीं डालता है बल्कि मासिक धर्म होने के दौरान भी एच पी वी का टीका लगवाया जा सकता है।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का गार्डशील का एक बार वैक्सीनेशन करना पर्याप्त है। एच पी वी का टीका सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में 93 से 100% तक प्रभावशीलता प्रदान करता है। टीकाकरण से गंभीर एलर्जी वाली बालिकाए एवं बीमार बालिकाओं को वैक्सीनेशन नहीं किया जाएगा।