{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 स्पंदन साहित्यिक संस्था द्वारा आभासीय साहित्यिक संध्या का आयोजन: मानवता, मातृत्व और संस्कृति पर केंद्रित रहीं प्रस्तुतियां​​​​​​​

 

 

नई दिल्ली / अलीगढ़ / उज्जैन, 13 नवंबर (इ खबर टुडे)। ​प्रसिद्ध साहित्यिक संस्था 'स्पंदन' के तत्वावधान में बीते दिन गुरुवार को एक भव्य आभासीय साहित्यिक संध्या का सफल आयोजन किया गया। देश-विदेश के जाने-माने साहित्यकारों की उपस्थिति और उनकी सधी हुई प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया।

​कार्यक्रम का विधिवत् आरंभ श्रीमती सुनीता राजीव द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के मधुर गायन से हुआ, जिससे संपूर्ण आभासीय पटल भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।

​हिन्दी और मातृत्व को नमन
दिल्ली से जुड़ीं साहित्यशिल्पी श्रीमती चैताली सिन्हा ने अपनी ओजस्वी कविता 'हिन्दी हूँ मैं' के माध्यम से हिन्दी भाषा के शीर्ष कवियों का भावपूर्ण स्मरण किया। वहीं, दिल्ली की ही सुनीता राजीव ने अपनी मार्मिक रचना "मेरी माँ... वो बुनती रहती है हरदम" प्रस्तुत कर श्रोताओं की आंखें नम कर दीं। मनीला रोहतगी (दिल्ली) की कृति 'माँ का प्यार' भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

​ऋतुओं का सौंदर्य और मानवता का संदेश
अलीगढ़ की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. आभा माहेश्वरी ने अपनी रचना 'शारदीय बयार' के जरिए शरद ऋतु के मनमोहक और अलौकिक दृश्यों का जीवंत वर्णन किया। दुबई से जुड़े ख्यात साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ने अपनी रचना 'एक दीप मानवता के नाम' के माध्यम से समाज के वंचित वर्ग के कल्याण के लिए आगे आने और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की सुंदर अपील की।

​संस्कृति पर कटाक्ष और प्रकृति का संघर्ष
उज्जैन की फाल्गुनी बियाणी ने अपनी रचना 'रामायण या रीमेक की दुकान' के माध्यम से फिल्मों में धार्मिक ग्रंथों की घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किए जाने पर गहरा कटाक्ष किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लोकप्रियता के मोह में धार्मिक ग्रंथों की मौलिकता के साथ खिलवाड़ करना पूरी तरह अनुचित है। गुरुग्राम की प्रीति अग्रवाल ने 'फिर से एक तिनका' कविता के जरिए एक चिड़िया के जीवन-संघर्ष को बहुत गहराई से उकेरा, जबकि उज्जैन के प्रशान्त माहेश्वरी ने 'प्रेम' रचना के माध्यम से एक फूल की कर्तव्यपरायणता और सहनशक्ति का हृदयस्पर्शी चित्रण किया।

​सफलतापूर्वक संपन्न हुआ आयोजन
​कार्यक्रम का कुशल एवं ऊर्जावान संचालन संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी द्वारा किया गया। अंत में प्रीति अग्रवाल द्वारा सभी उपस्थित साहित्यकारों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार यह साहित्यिक संध्या सह-आनंद गरिमामयी माहौल में संपन्न हुई।