{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में दो पक्षों में खूनी संघर्ष: जमकर हुई पत्थरबाजी, दो मोटरसाइकिलों को फूंका (देखिए वीडियो)

 साठियों की बस्ती में मामूली बात पर भड़का विवाद; पुलिस बल तैनात, दो हिरासत में, एक फरार
 

 

​रतलाम, 26 जून (इ खबर टुडे)। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत लोकेंद्र टॉकीज के सामने स्थित साठियों की बस्ती में शुक्रवार दोपहर दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हंगामा यहीं नहीं रुका, उपद्रवियों ने दूसरे पक्ष के युवकों की दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोकेंद्र टॉकीज के सामने झोपड़पट्टी क्षेत्र में रहने वाले साठियो (स्थानीय निवासी) और तीन अन्य युवकों—भोला, कान्हा व गट्टू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए और पथराव शुरू हो गया। इसी बीच साठियों की भीड़ ने भोला, गट्टू और कान्हा की दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। धू-धू कर जलती गाड़ियों को देख पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

​अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, इलाके में पुलिस तैनात
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सत्येंद्र सिंह घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन और दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जलती हुई मोटरसाइकिलों पर नगर निगम के फायर लॉरी से काबू पाया और उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/gpLVx4WQtnM?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/gpLVx4WQtnM/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल कान्हा और गट्टू को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीसरा साथी भोला मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है, ताकि घटना की मुख्य वजह का पता चल सके।  

​जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी सत्येंद्र सिंह घनघोरिया ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर बस्ती में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विवाद के मुख्य कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।