कीचड़ और खराब रास्ते से परेशान ग्रामीणों ने बच्चों संग कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
रतलाम, 07जुलाई (इ खबर टुडे)। पांच वर्षों से सड़क और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे ग्राम शिवपुर के भूरिया मोहल्ला (वार्ड नं. 16) के ग्रामीणों का सब्र आखिरकार मंगलवार को टूट गया। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को साथ लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहाँ ग्रामीणों ने बच्चों के साथ परिसर में ही धरना दे दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे और प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण माने और वापस लौटे।
कीचड़ के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे, फिसलकर गिर रहे
कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि शिवपुर का भूरिया मोहल्ला आदिवासी और हरिजन बाहुल्य क्षेत्र है। पिछले 5 सालों से मोहल्ले में सड़क नहीं बन पाई है, जिसके कारण पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो चुका है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों को हो रही है। कीचड़ की वजह से बच्चे आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं और स्कूल नहीं जा पाते हैं।
मजदूरी और खेती-किसानी भी प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ बच्चे ही नहीं, बल्कि गांव के सयाने और बुजुर्ग भी इस रास्ते से परेशान हैं। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को अपने कृषि कार्य (खेती-किसानी) और मजदूरी पर जाने के लिए भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद आज तक इस समस्या की कोई सुनवाई नहीं हुई थी, जिससे नाराज होकर उन्हें कलेक्ट्रेट का रुख करना पड़ा।
सीसी रोड और नाली निर्माण की मांग, अधिकारियों ने दिए निर्देश
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके मोहल्ले में जल्द से जल्द सीसी रोड (C.C. Road) का निर्माण कराया जाए और पानी की सुचारू निकासी के लिए नाली बनवाई जाए। आधे घंटे के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित विभाग (SDM ग्रामीण और EE-PWD) को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।