रतलाम / सेजावता बायपास पर अवैध दरगाह पर उर्स आयोजन रुका, हिंदू संगठनों ने कलेक्टर को सौंपा था ज्ञापन
रतलाम,15 मई (इ खबर टुडे)। शहर के महू-नीमच रोड स्थित सेजावता बायपास पर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति के आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया। इस मामले में हिंदू समाज और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और प्रस्तावित उर्स के आयोजन पर रोक लग गई।
सौपे गए ज्ञापन के अनुसार, सेजावता बायपास पर मुख्य सड़क पर स्थित सर्वे नंबर 104 की शासकीय भूमि पर हजरत पहलवान बाबा शाह की दरगाह का अवैध निर्माण किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि करीब दो वर्ष पूर्व प्रशासन ने इस स्थान से अतिक्रमण हटा दिया था। लेकिन, कुछ तत्वों द्वारा पुनः मनमाने ढंग से अतिक्रमण कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ा लिया गया।
बिना अनुमति के बड़े आयोजन की थी तैयारी
हिंदू संगठनों ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया कि उक्त विवादित स्थल पर 13, 14 और 15 मई 2026 को कव्वाली जैसे बड़े कार्यक्रमों और उर्स की व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। ज्ञापन में दावा किया गया कि इस आयोजन के लिए आयोजकों द्वारा किसी भी सक्षम विभाग से वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी। फोरलेन पर इस तरह के अवैध और अनियंत्रित आयोजन से यातायात बाधित होने तथा गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका भी जताई गई थी।
हिंदू समाज द्वारा दिए ज्ञापन में बताया गया था कि "यदि इस अवैध निर्माण को समय रहते नहीं हटाया गया और प्रस्तावित कार्यक्रमों को नहीं रोका गया, तो फोरलेन पर होने वाली किसी भी अप्रिय घटना, दुर्घटना या असुविधा की पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) की होगी।"
अधिकारियों को घेरा, पीडब्ल्यूडी को भी दी चेतावनी
उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर मंगलवार को भारी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। वहां उन्होंने कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, एसडीएम शालिनी श्रीवास्तव और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नाम ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद बुधवार को पुनः इस अवैध निर्माण को लेकर हिंदू संगठनों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को भी एक ज्ञापन सौंपकर निर्माण गिराने की मांग दोहराई थी। प्रशासन की मुस्तैदी के बाद फिलहाल इस अवैध आयोजन पर रोक लगा दी गई है।
'इ खबर टुडे' ने कई बार उठाया मुद्दा
उल्लेखनीय है की सेजावता बायपास पर मुख्य सड़क फोरलेन पर बनी अवैध दरगाह के अतिक्रमण को लेकर 'इ खबर टुडे' ने खबर के माध्यम से कई बार खबर प्रकाशित की गई थी। दरगाह को धीरे धीरे बड़ा रूप दिया रहा है। बिना अनुमति के दरगाह पर अवैध निर्माण और पक्का सीमेंट कांक्रीट से बड़ा बनाने की कोशिश की जा रही है।