शिकायत के बाद रद्द हुआ बंजली की अवैध दरगाह पर होने वाला उर्स
रतलाम,06 मई (इ खबर टुडे)। रतलाम सैलाना मार्ग पर बंजली के समीप बेशकीमती सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई फर्जी और अवैध मजार पर होने वाले उर्स और कव्वाली के कार्यक्रम को शिकायत किए जाने के बाद रद्द कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस फर्जी मजार को हटाए जाने को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी है।
उल्लेखनीय है कि धामनोद नगर परिषद के नरेन्द्र शर्मा (बंटी) ने कुछ दिनों पूर्व ही कलेक्टर समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों को लिखित शिकायत कर इस अवैध मजार हो रहेे आयोजन को रुकवाने की मांग की थी। बंटी शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया था कि सर्वे न. 44 की लगभग दो हैक्टेयर भूमि 1956-57 से शासकीय रेकार्ड में शासकीय भूमि के रुप में दर्ज चली आ रही है।
इस शासकीय भूमि पर कुछ असामाजिक तत्वों ने कुछ वर्षों पहले अतिक्रमण कर एक छोटी सी दरगाह बनाई थी। धीरे धीरे समय बीतने के साथ दरगाह का आकार बडा होता गया और देखते ही देखते इस अवैध मजार के आसपास बडे आकार का पक्का निर्माण कर पूरी शासकीय भूमि को कब्जे में ले लिया गया। इस अवैध मजार के सम्बन्ध में 'इ खबर टुडे' द्वारा भी समाचार प्रकाशित किए गए थे।
धामनोद के बंन्टी शर्मा द्वारा की गई शिकायत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए बिना अनुमति हो रहे आयोजन को रोकने के निर्देश जारी किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध मजार पर किए जा रहे उर्स आयोजन की तैयारियों को अब रोक दिया गया है और इस आयोजन को रद्द कर दिया गया है।
शहर तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने इ खबर टुडे को बताया कि प्रशासन द्वारा किसी उर्स के आयोजन की अनुमति प्रदान नहीं की गई है और बिना अनुमति के होने वाले किसी आयोजन के आयोजनकर्ताओं के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जा सकती है।
प्रशासन की इस कार्यवाही के बाद अब बडा प्रश्न यह है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई इस अवैध मजार को प्रशासन कब हटाता है। यह यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि प्रदेश शासन द्वारा भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई अवैध मजारों दरगाहों को हटाने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने इस अवैध मजार को हटाने की कार्यवाही अब तक नहीं की गई है।