{"vars":{"id": "115716:4925"}}

सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल द्वारा भवन तोड़ने के दौरान पाइप लाइन फोड़ने और लापरवाही पर बवाल: रहवासियों ने थाने पहुंच जताई नाराजगी, FIR दर्ज करने की मांग

 

 

रतलाम,18 अगस्त(इ खबर टुडे)। शहर के वार्ड क्रमांक 36 स्थित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में चल रहे भवन तोड़ने के कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्कूल प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही से परेशान गुलमोहर कॉलोनी के रहवासियों ने मंगलवार को स्टेशन रोड थाने पर उग्र नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।

​रहवासियों का आरोप है कि पिछले 3-4 दिनों से पोकलेन मशीन से खतरनाक तरीके से बिना सुरक्षा साधनों के स्कूल की पुरानी इमारत को तोड़ा जा रहा है। इस दौरान मलबे के साथ लोहे के भारी सरिये रोड पर गिर रहे हैं, जिससे आवाजाही करने वाले बच्चों व महिलाओं की जान पर खतरा बना हुआ है।

​लाखों लीटर पानी बर्बाद, पेयजल व्यवस्था ठप
भवन तोड़ने के दौरान पोकलेन मशीन से नगर निगम की मुख्य पानी की पाइप लाइन को दोबारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इससे लाखों लीटर पानी बहकर व्यर्थ हो गया और गुलमोहर कॉलोनी की पानी की टंकी न भर पाने के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।

​नगर निगम ने ठोंका 5,000 रुपये का जुर्माना, FIR के लिए लिखा पत्र
मामले में वार्ड पार्षद श्रीमती स्मिता राजेश माहेश्वरी की शिकायत पर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री (जलप्रदाय विभाग) ने स्टेशन रोड थाना प्रभारी को पत्र लिखकर संबंधितों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही निगम ने स्कूल प्राचार्य को नोटिस जारी कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पानी का अपव्यय करने पर ₹5,000 का जुर्माना जमा कराने तथा तुरंत पाइप लाइन सुधरवाने के निर्देश दिए हैं।

रहवासियों की मांग है कि ​स्कूल प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाए। ​पोकलेन मशीन से किए जा रहे इस अवैध और असुरक्षित कार्य को फौरन रुकवाया जाए। ​स्कूल परिसर की बाउंड्री वॉल की नपती कराकर अतिक्रमण की जांच की जाए।

सेंट जोसेफ स्कूल शुरू से ही अपनी मनमानी करता आया है। स्कूल के खिलाफ यातायात को लेकर भी कई शिकायते हो चुकी है, परन्तु अभी तक कोई प्रशासनिक कार्यवाही नहीं हुई। बताया जा रहा है कि अधिकांश प्रशासनिक अधिकारियो के बच्चे इस स्कूल में पड़ते है, जिसके कारण स्कूल अपनी पूरी दादागिरी और मनमानी करता हुआ दिखाई देता है। स्कूल लगने से लेकर बच्चो की छुट्टी के दौरान दोनों तरफ की रोड खचाखच जाम रहती है और यातायात विभाग मुख दर्शक बनाकर देखता रहता है।