थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने संभाला मोर्चा: चार्ज लेते ही अवैध शराब से भरा कंटेनर दबोचा, लाखों का माल जब्त
रतलाम, 19 मई (इ खबर टुडे)। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हाईवे पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। नए थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान राजस्थान पासिंग के एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली, जिसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।
थाना प्रभारी गायत्री सोनी के अनुसार, पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत हाईवे पर पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक संदिग्ध कंटेनर आता दिखाई दिया, जिसे रोककर जब सघनता से जांच की गई, तो उसके भीतर छिपाकर रखा गया अवैध शराब का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
बैटरी के बहाने की जा रही थी तस्करी; चंडीगढ़ से महाराष्ट्र जा रही थी खेप
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए कंटेनर में ऊपर से दिखाने के लिए 'बैटरी की बल्टी' लोड की गई थी, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन इस दिखावे की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी। यह शराब की खेप चंडीगढ़ से लोड होकर महाराष्ट्र की तरफ ले जाई जा रही थी। पुलिस ने कंटेनर को तुरंत जब्त कर एक आरोपी भोमाराम पिता जेठाराम जाट 32 वर्ष
निवासी ग्राम मांडपुरा पुराना गांव, थाना बायतु, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार करते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचाया।
देर रात तक चली खाली करने की कार्रवाई, लाखों में है कीमत
पकड़े गए कंटेनर से पुलिस ने 400 से अधिक अवैध शराब की पेटियां बरामद की हैं। इतनी बड़ी मात्रा में मौजूद माल को ट्रक से उतारने और उसकी गिनती करने की कार्रवाई देर रात करीब 2 बजे तक चलती रही। जब्त की गई शराब की कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी जा रही है।
आगे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और पकड़े गए वाहन चालक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पूरी शराब तस्करी के पीछे जुड़े बड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। बहुत जल्द इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।