रतलाम के पास नाले में मिला अज्ञात नरकंकाल, क्षेत्र में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
रतलाम, 14 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले के रावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलड़ी के समीप स्थित बीगा पाटन के जंगल में शनिवार को एक अज्ञात नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नाले में क्षत-विक्षत हालत में शव पड़े होने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्राम बीगा पाटन के पास स्थित नाले में ग्रामीणों ने एक मानव कंकाल देखा। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना दिए जाने के दो घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिस कारण घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
बाद में मौके पर पहुंची रावटी थाना पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। शव का केवल एक पैर ही बचा हुआ है, जबकि शेष पूरा शरीर गलकर कंकाल में तब्दील हो चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) अधिकारी अतुल मित्तल भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।