{"vars":{"id": "115716:4925"}}

पीएम राहत योजना  / योजना अंतर्गत दुर्घटना के मामलों में 7 दिन तक भर्ती रहने पर डेढ़ लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार

​​​​​​​

निजी अस्पताल प्रबंधकों की बैठक संपन्न

 

रतलाम 10 जुलाई (इ खबर टुडे )।  कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार न्यू कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में पीएम राहत योजना के संबंध में निजी अस्पताल प्रबंधकों की बैठक एडीएम बृजेंद्र कुमार रावत एवं सीएमएचओ डॉ किरण वाडिवा की उपस्थिति में आयोजित की गई।  


बैठक में प्रस्तुतिकरण के दौरान डीआईओएनआईसी श्रेय भावसार एवं डीएएमएनआईसी रोहित भट्ट ने बताया कि पीएम राहत योजना के अंतर्गत दुर्घटना के मामलों में पीड़ित व्यक्ति को 7 दिन तक भर्ती रहने पर डेढ़ लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार प्रदान किया जाता है। 


योजना के अंतर्गत रतलाम जिले में अब तक 22 प्रकरणों में 4 लाख 13 हज़ार 465 रुपये की राशि की स्वीकृति जारी कर अस्पतालों के खाते में राशि जारी की जा चुकी है। योजना में रतलाम जिले के मेडिकल कॉलेज जिला चिकित्सालय एवं सिविल अस्पताल सहित अन्य शासकीय अस्पतालों को इन इंपैनल्ड किया जा चुका है। 

निजी अस्पतालों के अंतर्गत रतलाम जिले के आरोग्यं हॉस्पिटल कॉलेज रोड रतलाम, आशीर्वाद नर्सिंग होम काटजू नगर रतलाम, आयुष्मान सुपर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल महू रोड रतलाम, श्रद्धा हॉस्पिटल काटजू रोड रतलाम, केके शाह हॉस्पिटल काटजू नगर रतलाम, शंकुश हॉस्पिटल महू रोड रतलाम, जीडी हॉस्पिटल 80 फीट रोड रतलाम, जैन दिवाकर श्री अरविंदो हॉस्पिटल सागोद रोड रतलाम, राघव न्यूरो ट्रॉमा सेंटर सैलाना रोड रतलाम, सरदार पटेल हॉस्पिटल एडं रिसर्च सेंटर जावरा को इंपैनल्ड किया जा चुका है। 

बैठक के दौरान एडीएम बृजेंद्र कुमार रावत ने जिले के सभी अस्पताल प्रबंधकों को योजना अंतर्गत इंपैनलमेंट हेतु आवेदन करने के लिए निर्देशित किया। 


बैठक के दौरान बताया गया कि दुर्घटना होने के 24 घंटे की अवधि में अस्पताल में एडमिशन लिया जाना अनिवार्य है, योजना के अंतर्गत उपचार संबंधी राशि जारी करने संबंधी ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में बैठक में विस्तृत जानकारी दी गई, योजना में पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, सभी प्रबंधकों को प्री अप्रूवल की कार्रवाई करने तथा हर दुर्घटना प्रकरण में पीड़ितों को लाभ दिलाने के लिए निर्देशित किया गया। 

बैठक के दौरान कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ राजेश मंडलोई, आनंदीलाल जैन, पुलिस विभाग के कर्मचारियों सहित निजी अस्पतालों के प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।