{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम पुलिस की कार्रवाई: एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की 1.60 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क

 

 

​रतलाम, 14 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बिलपांक अय्यूब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो बड़े तस्करों की लगभग 1.60 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति को फ्रीज (कुर्क) करने की कार्रवाई की है।
​
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ​थाना बिलपांक क्षेत्र में दर्ज अपराध के तहत पुलिस ने 81 किलोग्राम डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया था। इस मामले में विशेष न्यायालय (एनडीपीएस), रतलाम द्वारा 21 जून 2022 को दोनों आरोपियों को 10-10 वर्ष के कारावास और 1-1 लाख रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई जा चुकी है।

​दोषसिद्धि के उपरांत थाना बिलपांक पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तस्करों द्वारा अवैध कारोबार से जुटाई गई संपत्ति की पहचान कर जब्ती की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई थी। पुलिस के प्रतिवेदन के आधार पर सफेमा (SAFEMF) न्यायालय द्वारा आरोपियों की संपत्तियों को अटैच करने के आदेश जारी किए गए हैं।

​कुर्क की गई संपत्तिया
​कुशल पिता कालूराम उर्फ रमेश डोडियार ग्राम प्रीतमनगर थाना बिलपांक स्थित सर्वे क्रमांक 823(एस) की कृषि भूमि में 1/5 हिस्सा, अनुमानित कीमत 80 लाख रुपए और ​परमानंद पिता कालूराम उर्फ रमेश डोडियार ग्राम प्रीतमनगर थाना बिलपांक स्थित सर्वे क्रमांक 823(एस)m की कृषि भूमि में 1/5 हिस्सा, अनुमानित कीमत 80 लाख रुपए जिसकी ​कुल अटैच की गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 60 लाख रुपए कुर्क की है।

​अपराधियों पर नकेल कसने की निरंतर कार्रवाई
​यह पूरी कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अध्याय V-A के प्रावधानों के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित संपत्तियों का उपयोग अपराधी दोबारा इस प्रकार के गैरकानूनी कृत्यों में न कर सकें। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समाज को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ इस तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

​इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी बिलपांक निरीक्षक अय्यूब खान, सहायक उप निरीक्षक दिनेशचंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार और आरक्षक राकेश प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही है।