मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला शाखा रतलाम का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न, अशोक शर्मा बने जिला अध्यक्ष
रतलाम,21 अप्रैल (इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला शाखा रतलाम के संगठनात्मक चुनाव डेलनपुर स्थित प्रेम वाटिका में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए। इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी के रूप में भोपाल से पधारे प्रदेश मंत्री सहज सरकार, उज्जैन संभाग के संभागीय अध्यक्ष मांगीलाल पाटीदार एवं संभागीय सचिव गौरव सक्सेना मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ जिला रतलाम के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा द्वारा की गई।
निर्वाचन के दौरान पैनल पद्धति का पालन किया गया, जिसमें समस्त निर्वाचित तहसील अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्षों की बॉडी ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विचार-विमर्श के बाद जिला स्तर के प्रमुख पदों के लिए सिंगल नाम प्रस्तावित किए गए, जिसके परिणामस्वरूप जिला अध्यक्ष पद हेतु अशोक शर्मा, जिला सचिव पद हेतु चरण सिंह चौधरी एवं जिला कोषाध्यक्ष पद हेतु अनिल मेहता के नामों पर सर्वसम्मति बनी। किसी अन्य उम्मीदवार का नाम सामने न आने के कारण इन तीनों ही मुख्य पदों पर पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
यह पूरा चुनाव मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के नियम और उप-नियमों (बायलाज) के अनुसार पारदर्शिता के साथ पूर्ण हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति के बाद भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने आधिकारिक रूप से नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नई कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए कर्मचारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।