शादी की खुशियां मातम में बदली: दो वर्षीय मासूम की पानी की टंकी में गिरने से मौत
परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा; उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप
रतलाम, 30 अप्रैल (इ खबर टुडे)। शहर की मीट टाउन कॉलोनी में गुरुवार को एक हृदय विदारक घटना ने शादी के जश्न को मातम में बदल दिया। दो दिन पहले ही घर में काका की शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, मेहमान अभी विदा भी नहीं हुए थे कि परिवार की दो वर्षीय मासूम काव्या की पानी के होद में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में देरी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहन सबरवाल की दो वर्षीय पुत्री काव्या घर में खेल रही थी। घर में शादी के बाद के मांगलिक कार्यक्रमों का माहौल था और मेहमान भी रुके हुए थे। इसी गहमागहमी के बीच काव्या अचानक आंगन में बने पानी के होद (टंकी) में गिर गई। काफी देर तक जब बच्ची दिखाई नहीं दी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। होद में मासूम को अचेत अवस्था में तैरता देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे तुरंत शहर के बाल चिकित्सालय ले जाया गया।
अस्पताल में भारी आक्रोश और हंगामा
अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद काव्या को मृत घोषित कर दिया। परिजन शुरुआत में शव लेकर घर चले गए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद वे पुनः अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि बच्ची की सांसें चल रही थीं, लेकिन डॉक्टरों ने उसे समय पर ऑक्सीजन और उचित ट्रीटमेंट नहीं दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव ले जाने की जिद की और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
घर में पसरा सन्नाटा
जिस घर में दो दिन पहले मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच और परिजनों को समझाने में जुटी थी।