रतलाम में बड़ा हादसा: सैलाना के भैरूघाटा में बाइक फिसलने से दो नाबालिगों की मौत, एक गंभीर; पुलिस ने हमले की अफवाहों का किया खंडन
रतलाम, 03 सितम्बर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरूघाटा में बुधवार देर रात हुए एक गंभीर सड़क हादसे में दो नाबालिग युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर बदमाशों द्वारा पथराव और हमले की भ्रामक खबरें फैलने लगी थीं, जिस पर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए इसे पूरी तरह से दुर्घटना बताया है।
सैलाना पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बीते दिन बुधवार की रात लगभग दस बजे तीन नाबालिग लड़के एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम दौलतपुरा से अपने गांव जयसनगर (अडवानिया) लौट रहे थे। ग्राम भैरूघाटा में लक्ष्मण भगत के घर के पास तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
बाइक से गिरने के कारण तीनों युवक रमेश (19 वर्ष), पिता वरसिंह भाभर, निवासी जयसनगर (अडवानिया), गोपाल (14 वर्ष), पिता गोवर्धन चरपोटा, निवासी जयसनगर (अडवानिया), करण (16 वर्ष), पिता मनसुख मईड़ा, निवासी जयसनगर (अडवानिया) के सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो लड़के रमेश और गोपाल ने दम तोड़ दिया, जबकि करण का उपचार जारी है।
पुलिस ने हमले की खबरों का किया खंडन
घटना के बाद सोशल मीडिया एवं कतिपय माध्यमों से खबर प्रसारित हो रही थी कि युवकों पर 10-12 अज्ञात बदमाशों ने पत्थरों व लाठियों से हमला किया है। पुलिस ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए भ्रामक बताया है। सैलाना थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह किसी प्रकार के हमले का मामला नहीं है, बल्कि यह एक सड़क दुर्घटना है। मामले में सभी तथ्यों की बारीकी से जांच जारी है।