रतलाम में दर्दनाक सड़क हादसा: इंदौर से सांवरिया जी दर्शन करने जा रहे दो दोस्तों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
रतलाम,02 अगस्त(इ खबर टुडे)। बिलपांक थाना क्षेत्र के अंतर्गत महू-नीमच फोरलेन पर रत्तागिरी के पास मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार और सामने से आ रहे ट्रॉले की आमने-सामने की टक्कर में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार चार दोस्त इंदौर के राऊ क्षेत्र से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। मंगलवार रात करीब 2 बजे जैसे ही उनकी कार रत्तागिरी के पास पहुंची, वह सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी घूमकर वापस इंदौर की दिशा में हो गई।
हादसे में दो की मौत और दो घायल
हादसा इतना भयानक था कि कार चला रहे मुकेश पुत्र मानसिंह गहलोत 45 वर्षीय और उनके पास वाली सीट पर बैठे सोहनसिंह पुत्र बापूसिंह डाबी 56 वर्षीय की मौत हो गई, जब की पीछे की सीट पर बैठे देवकरण पिता कन्हैयालाल मालवीय 43 वर्षीय और सावन पिता आसाराम मालवीय 28 वर्षीय घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गलत साइड से आ रही थी कार
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कार के गलत साइड से आने के कारण हुआ। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बिलपांक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।