रतलाम / पुलिस का खुलासा, दो क्विंटल अश्वगंधा चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
रतलाम,03अप्रैल(इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नामली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खेत से कीमती अश्वगंधा चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी किया गया माल व वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 28 मार्च की रात की है। ग्राम पंचेड निवासी फरियादी मुकेश पिता भेरुलाल हाड़ा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी 20 बीघा जमीन पर अश्वगंधा की फसल बोई थी। फसल काटकर उन्होंने खेत पर ही तिरपाल बिछाकर उसे सूखने के लिए रखा था। 28 मार्च की रात जब मुकेश खेत पर सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने करीब 2 क्विंटल अश्वगंधा चोरी कर दी।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नामली में अपराध क्रमांक 104/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों के आधार पर 31 मार्च को दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अश्वगंधा चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
विशाल पिता भरतलाल बोडाना (19 वर्ष), निवासी ग्राम पंचेड।
विजय पिता पप्पूलाल बोडाना (21 वर्ष), निवासी ग्राम खोखरा (जावरा)।
जब्त सामग्री और फरार आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सम्पूर्ण 2 क्विंटल अश्वगंधा बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप (MP-06-GA-2133) को भी जब्त किया गया है। जब्त किए गए मश्रुका की कुल कीमत लगभग 2,90,000 रुपये बताई जा रही है।
प्रकरण में एक अन्य सह-अभियुक्त संजय पिता नाथू बागरी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार व एसडीओपी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में टीम निरीक्षक गायत्री सोनी थाना प्रभारी नामली, सउनि हीरालाल चंदन, प्र.आर. नारायण सिंह जादौन, दिलीप रावत, नवीन पटेल, मनीष यादव, गोपाल खराड़ी, आर. माखन सिंह और राघवेंद्र जाट की मुख्य भूमिका रही।