रतलाम / 10वीं के छात्र को धमकी देकर गहने-रुपये ऐंठने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार
रतलाम,28 जून (इ खबर टुडे)। जिले की सैलाना थाना पुलिस ने एक नाबालिग छात्र को जान से मारने की धमकी देकर उससे नकदी और सोने के आभूषण हड़पने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात का पर्दाफाश किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं के फरियादी नाबालिग छात्र की पहचान आरोपी आदित्य सिसोदिया और अंकलेश मोगिया से हुई थी। दोनों ने पहले छात्र से दोस्ती की और फिर धीरे-धीरे उससे 500 और 1000 रुपये जैसी नकदी की मांग करने लगे। जब छात्र ने रुपये देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसे और उसके पिता को रास्ते में रोककर जान से मारने व गंभीर अंजाम भुगतने की धमकियां देना शुरू कर दिया। लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर नाबालिग ने अपने ही घर से तीन सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी सोने के कान के आभूषण निकालकर आरोपियों को सौंप दिए।
घर में गहने गायब होने पर खुला राज
घर से आभूषण गायब होने पर जब परिजनों ने छात्र से कड़ाई से पूछताछ की, तब सहमे हुए छात्र ने पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 351(3), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
खेत के कमरे से आभूषण बरामदगी के प्रयास तेज
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आदित्य सिसोदिया निवासी मोती बंगला सैलाना और अंकलेश मोगिया निवासी गीता भवन सैलाना को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी हर्ष उर्फ हर्षवर्धन गुर्जर निवासी सकरावदा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि लूटे गए आभूषणों को आदित्य के खेत पर बने एक कमरे में छिपाकर रखा गया है। पुलिस अब मशरूका (गहने) बरामद करने की कार्रवाई कर रही है। मामले में हर्ष उर्फ हर्षवर्धन पिता मांगिलाल गुर्जर निवासी सकरावदा, थाना सैलाना फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में सैलाना थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उप निरीक्षक शीना खान, प्रधान आरक्षक संदीप भदौरिया, आरक्षक फकीरचन्द्र सोलंकी (थाना नामली), आरक्षक तूफान भुरिया, आरक्षक सूर्यप्रसाद, आरक्षक विजय मोहनिया, आरक्षक भारत अलावा, आरक्षक मुरली कटारिया और आरक्षक संदीप परमार की मुख्य भूमिका रही।