रतलाम / मामूली बात पर ट्रक ड्राइवर की हत्या, एक नाबालिग सहित सात आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 19 मार्च (इ खबर टुडे)। जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात बुधवार ट्रक ड्राइवर दो भाइयों के साथ कुछ बदमाशों ने मामूली बात पर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें एक भाई की हत्या हो गई, जबकि दूसरा भाई गंभीर घायल है। जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक नाबालिक सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर दो भाइयों कि बदमाशों ने लठ और लोहे के टामी से मारकर गंभीर घायल कर दिया। दोनों भाइयों को मेडिकल अस्पताल ले गए जहां छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर घायल है। जिसका इलाज किया जा रहा है।
घायल बड़े भाई उदय सिंह पिता भेरु सिंह तंवर 40 वर्षीय निवासी ग्राम बड़ी सादड़ी जिला चित्तौड़ राजस्थान ने पुलिस को बताया कि मेरा छोटा भाई भगवान सिंह और में हम दोनों ट्रक ड्राइवरी करते हैं। मैंने ट्रक क्रमांक RJ 09 GA 8876 भाड़े पर महाराष्ट्र शारदा से पपीता भरी और पुष्कर राजस्थान लेकर जा रहा था। छोटा भाई भगवान ने भी उसके ट्रक क्रमांक rj 09 gd 2206 में सनावद से कपास भरी और भीलवाड़ा के लिए निकला। हम दोनों भाइयों ने फोन पर बात कर लेबर के पास मानपुर में मिले और वहां से अपने-अपने ट्रक लेकर निकले। तभी रात करीब 9:30 बजे सातरुंडा से रतलाम की ओर जाने वाली फोर लाइन रोड पर एक मोटरसाइकिल जिस पर तीन लड़के सवार थे, हमारे ट्रक के आगे पीछे चला कर हॉर्न बजाते हुए कटबाजी करने लगे।
रात करीब 10:00 बजे हमने हमारे दोनों ट्रक को बिलपांक फंटे के पास चाय की होटल के सामने खड़ा कर चाय पीने लगे, तभी मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 EC 3484 पर सवार तीनों लड़के भारत रोहित और सूरज हमारे पास आए और ट्रक से पानी निकलने की बात पर गाली गलौज कर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया। थोड़ी देर बाद दो मोटरसाइकिल MP 43 DR 9181 ओर MP 43 ZL 3563 पर चार युवक भी पहुंच गए।
एक युवक पहले से मौजूद
घटना स्थल पर सात आरोपी के पहुंचने से पूर्व ही एक आरोपी पहले से ही मौजूद था। आठो आरोपियों ने मिलकर ट्रक ड्राइवर दोनों भाइयों के साथ जमकर विवाद करते हुए लाठी और लोहे की टामी से हाथ पैर और सिर पर वार कर दिया। जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई भगवान सिंह 39 वर्षीय की मौत हो गई।
सात आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले एक 16 वर्षीय नाबालिग सहित सात आरोपी भरत पिता बाबूलाल भूरिया 40 वर्षीय निवासी चिकलिया, रोहित पीतम रामेश्वर निनामा 19 वर्षीय, रामेश्वर पिता शोभाराम निनामा 50 वर्षीय, जगदीश पिता शोभाराम निमा 45 वर्षीय, कन्हैया पिता रामेश्वर निनामा 21 वर्षीय, तुलसीराम पिता धूलजी 28 वर्षीय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।