आज आखिरी मौका, कल खाली कराए जाएंगे मकान! मल्टी में रहने वाले लोगों ने प्रशासन से मांगी मदद, निगम कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप, एसडीएम को दिया ज्ञापन
रतलाम,04अगस्त(इ खबर टुडे)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डोसीगांव स्थित(EWS ) मल्टी में रहने वाले 208 परिवारों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर राहत की मांग की हैं, इसके साथ ही ज्ञापन में नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाये है।
ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम बिना उचित व्यवस्था किए उन्हें मकान खाली कराने का दबाव बना रहा है। इधर सूत्रों से जानकारी है कि प्रशासन की ओर से 4 अगस्त तक का अंतिम अवसर दिया गया है। यदि निर्धारित समय तक राशि जमा नहीं होती है तो 5 अगस्त को प्रशासन पुलिस बल और नगर निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचकर आवास खाली कराने की कार्रवाई करेगा। इसके पहले मंगलवार की सुबह मल्टी में रहने वाले लोग जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचकर अपना पक्ष रखना चाहते थे लेकिन औद्योगिक थाना पुलिस ने इन्हें पहलवान शाह बाबा दरगाह के यही रोक लिया ओर एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर अधिकारियों से मिलने ओर ज्ञापन देने के बात कही, जिसके बाद कुछ लोगों ने गया एसडीएम तरुण जैन को सौंपा ओर पूरे मामले से अवगत कराया।
ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में उनके पास रहने के लिए कोई अन्य स्थान नहीं है। कई वर्षों से वे अपने परिवारों के साथ इन आवासों में रह रहे हैं और छोटे-छोटे बच्चों का पालन-पोषण यहीं से कर रहे हैं। उनका कहना है कि मकान आवंटन के समय नगर निगम ने पानी, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था, लेकिन आज तक अधिकांश सुविधाएं नहीं मिल सकीं।
रहवासियों ने निगम कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विगत दिनों निगम के अधिकारी और कर्मचारी मल्टी परिसर में पहुंचे, जहां महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। विरोध करने पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप भी ज्ञापन में लगाया गया है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि नगर निगम प्रत्येक परिवार से 1 लाख 80 हजार रुपये एकमुश्त जमा कराने का दबाव बना रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी राशि एक साथ जमा करना संभव नहीं है। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भुगतान किस्तों में कराने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि प्रत्येक परिवार फिलहाल 10 हजार रुपये जमा करने और शेष राशि 2 हजार रुपये प्रतिमाह की किस्तों में देने को तैयार है।
रहवासियों का कहना है कि उनका उद्देश्य भुगतान से बचना नहीं है, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए राहत दी जाए। उन्होंने एसडीएम से बेदखली की कार्रवाई पर रोक लगाने, निगम कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और किस्तों के माध्यम से राशि जमा कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
अब पूरे मामले में सभी की नजर कल 5 अगस्त की कार्रवाई पर है। यदि अंतिम समय तक कोई निर्णय नहीं हुआ तो प्रशासन पुलिस बल और नगर निगम अमले के साथ डोसीगांव मल्टी पहुंचकर कब्जा खाली कराने की कार्रवाई कर सकता है।