समय पर मिली सूचना और पुलिस ने बचाई आत्महत्या करने जा रहे युवक की जान
रतलाम,27 अगस्त(इ खबर टुडे)। पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या करने की बात कहकर घर से निकले एक युवक को डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया। युवक मोबाइल बंद कर जावरा पहुंच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और उसे बस स्टैंड के पास हाईवे किनारे से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार 26 अगस्त 2026 को जावरा के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक आत्महत्या करने की बात कहकर कहीं चला गया था। उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। बाद में मोबाइल चालू होने पर उसने जावरा जाकर आत्महत्या करने की बात कही। इस संबंध में शाम 7:12 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली।
सूचना मिलते ही जावरा शहर थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक 1085 रणजीत सिंह और पायलट मंगलेश्वर सूर्यवंशी ने जावरा बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान युवक बस स्टैंड के पास हाईवे किनारे घूमता हुआ मिल गया।
पुलिस जवानों ने तत्काल युवक को सुरक्षित संरक्षण में लिया और थाने लेकर पहुंचे। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने डायल-112 जवानों की तत्परता और सेवा के लिए आभार व्यक्त किया।